छत्तीसगढ़
Trending

छत्तीसगढ़ को रेलवे में बड़ी सौगात: पीएम मोदी ने किए 5 अमृत स्टेशनों का लोकार्पण, अंबिकापुर से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय हुए शामिल, अब यात्रियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं और सांस्कृतिक पहचान

रायपुर, 22 मई 2025। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज देशभर के 103 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों के साथ छत्तीसगढ़ के पांच अमृत स्टेशनों का वर्चुअल माध्यम से लोकार्पण किया। इन स्टेशनों का उन्नयन ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के अंतर्गत किया गया है, जिसका उद्देश्य यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं प्रदान करना है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अंबिकापुर रेलवे स्टेशन में आयोजित स्थानीय उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि अब अंबिकापुर सहित छत्तीसगढ़ के ये पांच स्टेशन रेलवे मानचित्र पर विशेष पहचान बना चुके हैं।

इन पांच स्टेशनों का हुआ लोकार्पण:

  • अंबिकापुर (बिलासपुर मंडल)
  • उरकुरा, भिलाई, भानुप्रतापपुर (रायपुर मंडल)
  • डोंगरगढ़ (नागपुर मंडल)

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सरगुजा जैसे आदिवासी बहुल क्षेत्र में अंबिकापुर स्टेशन का उन्नयन इस क्षेत्र के विकास और कनेक्टिविटी को नई दिशा देगा। इस कार्यक्रम में राज्य सरकार के कई मंत्री, सांसद और विधायक भी उपस्थित रहे, जिनमें वन मंत्री रामविचार नेताम, वित्त मंत्री ओपी चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, लोकसभा सांसद चिंतामणि महाराज और विधायक राजेश अग्रवाल प्रमुख हैं।

स्टेशनों में दिखेगा छत्तीसगढ़ का लोक वैभव

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत कुल 1337 स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है, जिनमें से 103 स्टेशनों का कार्य पूर्ण हो चुका है और आज उनका लोकार्पण किया गया। इन स्टेशनों को न केवल आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है, बल्कि स्थानीय कला, संस्कृति और परंपराओं को भी स्टेशन डिज़ाइन में सम्मिलित किया गया है।

नई सुविधाओं में आकर्षक प्रवेश द्वार, हाई मास्ट लाइटिंग, आधुनिक प्रतीक्षालय, स्वच्छ टॉयलेट, दिव्यांगजन के लिए रैंप, कोच इंडिकेशन सिस्टम और डिजिटल डिस्प्ले जैसी व्यवस्थाएं शामिल हैं। ये स्टेशन अब यात्रियों के लिए न केवल सुविधाजनक होंगे, बल्कि क्षेत्रीय गौरव का प्रतीक भी बनेंगे।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button