क्रेडा की पहल: कॉलेज छात्रों को सौर ऊर्जा व ऊर्जा संरक्षण के लिए किया प्रोत्साहितसंदीपनी एकेडमी, अछोटी दुर्ग में अर्द्धदिवसीय कार्यशाला संपन्न

दुर्ग, 17 अप्रैल 2025 — सौर ऊर्जा और ऊर्जा संरक्षण के प्रति युवाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से आज क्रेडा द्वारा संदीपनी एकेडमी, अछोटी, दुर्ग में अर्द्धदिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (क्रेडा) के मुख्य कार्यपालन अधिकारी राजेश सिंह राणा मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे।
राजेश सिंह राणा ने कार्यशाला में उपस्थित छात्र-छात्राओं को ऊर्जा संरक्षण और अक्षय ऊर्जा के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाएं — जैसे पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, जल जीवन मिशन, सौर सुजला योजना और राष्ट्रीय जैव ऊर्जा कार्यक्रम-बायोगैस योजना — पर विस्तार से चर्चा की।

पीएम सूर्य घर योजना के तहत 78 हजार रुपये तक की सब्सिडी व सस्ते ब्याज दर पर ऋण मिलने की जानकारी देते हुए राणा ने बताया कि योजना से जुड़ने के लिए pmsuryaghar.gov.in पर पंजीयन करना आवश्यक है। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि भविष्य में राज्य सरकार द्वारा अतिरिक्त सब्सिडी भी दी जा सकती है।
राज्य में सौर ऊर्जा की वर्तमान 7 प्रतिशत क्षमता को वर्ष 2030 तक 40 प्रतिशत तक पहुंचाने के सरकार के प्रयासों की जानकारी देते हुए राणा ने बताया कि ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में सौर ऊर्जा के माध्यम से बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि वे क्रेडा के साथ जुड़कर जनजागरूकता अभियान में सहभागी बनें।
कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञ नेहा शल्मन द्वारा छात्रों के लिए सौर ऊर्जा पर तर्क-वितर्क प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वहीं, क्रेडा के परियोजना समन्वयक निहार रंजन साहू ने ऊर्जा संरक्षण उपायों व सौर ऊर्जा आधारित योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने क्रेडा द्वारा विकसित “सौर समाधान” मोबाइल ऐप व पोर्टेबल सोलर पावर बैंक के बारे में भी बताया।
कार्यशाला में संदीपनी एकेडमी के निदेशक, प्राचार्या सहित 200 से अधिक छात्र-छात्राएं और शिक्षकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।



