छत्तीसगढ़
Trending

एसईसीएल को नई कमान: हरीश दुहन ने संभाला सीएमडी पदभार, 34 साल के खनन अनुभव से कंपनी को मिलेगा नया आयाम

बिलासपुर। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के नए अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) हरीश दुहन ने पदभार ग्रहण कर लिया है। मुख्यालय आगमन पर निदेशक मंडल, मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीओ), विभागाध्यक्षों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनका आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर एसईसीएल की सुरक्षा टुकड़ी ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया।

34 वर्षों का अनुभव

हरीश दुहन कोयला खनन क्षेत्र में 34 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव रखते हैं। उन्होंने नागपुर विश्वविद्यालय से माइनिंग इंजीनियरिंग में स्नातक उपाधि प्राप्त की और वर्ष 1989 में वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड से कोल इंडिया लिमिटेड में अपनी सेवाएं शुरू कीं। उनके पास फर्स्ट क्लास माइन मैनेजर सर्टिफिकेट के साथ-साथ प्रबंधन में स्नातकोत्तर डिप्लोमा भी है।

विभिन्न पदों पर अहम जिम्मेदारियां

एसईसीएल का सीएमडी बनने से पहले, दुहन सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) में निदेशक तकनीकी (संचालन) के रूप में कार्यरत थे। इसके अलावा, उन्होंने नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) की निगाही परियोजना में एरिया जनरल मैनेजर तथा कॉर्पोरेट प्रोजेक्ट प्लानिंग विभाग में महाप्रबंधक के रूप में भी अपनी सेवाएं दी हैं।

तकनीकी और प्रबंधन में विशेषज्ञता

हरीश दुहन को पर्यावरण-हितैषी फर्स्ट माइल कनेक्टिविटी परियोजनाओं के कार्यान्वयन, डिजिटलीकरण और सौर ऊर्जा परियोजनाओं के विकास में विशेष अनुभव प्राप्त है। उनके नेतृत्व में एसईसीएल के तकनीकी और प्रबंधन संबंधी कार्यों में और अधिक प्रभावी सुधार की उम्मीद की जा रही है।

एसईसीएल के उज्ज्वल भविष्य की उम्मीद

दुहन के नेतृत्व में एसईसीएल परिवार को विश्वास है कि कंपनी नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगी और अपने लक्ष्यों को प्रभावी ढंग से पूरा करेगी।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button