छत्तीसगढ़
Trending

रायपुर नगर दक्षिण विधानसभा उपनिर्वाचन 2024: 5 नवंबर को शासकीय इंजीनियरिंग महाविद्यालय सेजबहार में ईवीएम मशीनों की कमीशनिंग, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने अभ्यर्थियों से उपस्थिति की अपील की

रायपुर, 3 नवंबर 2024/ छत्तीसगढ़ राज्य अंतर्गत विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र क्रमांक 51-रायपुर नगर दक्षिण के लिए होने वाले आगामी विधानसभा उपनिर्वाचन-2024 में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों के माध्यम से मतदान कराने हेतु भारत निर्वाचन आयोग नई दिल्ली ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।

मतदान के लिए मशीनों को तैयार करने के क्रम में मशीनों की कमीशनिंग का कार्य 5 नवंबर 2024 को प्रातः 10.00 बजे से प्रारंभ कर दिया जाएगा, जिसकी सूचना रिटर्निंग ऑफिसर, विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र क्रमांक-51, जिला रायपुर द्वारा निर्वाचन लड़ने वाले सभी अभ्यर्थियों को दी जाएगी। कमीशनिंग का कार्य रायपुर में सेजबहार स्थित ई-ब्लॉक शासकीय इंजीनियरिंग महाविद्यालय में किया जाएगा। मतदान हेतु मशीनों को तैयार करने में आवश्यक सहयोग प्रदान करने के लिए निर्माता कंपनी मेसर्स इलेक्ट्रॉनिक कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड, हैदराबाद (तेलंगाना) के इंजीनियर नियत तिथि के एक दिन पूर्व रायपुर पहुंच जाएंगे।

इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों के कमीशनिंग की प्रक्रिया में मेसर्स इलेक्ट्रॉनिक कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड, हैदराबाद (तेलंगाना) के इंजीनियरों द्वारा सभी वीवीपैट मशीनों में सिंबल लोडिंग की जाएगी। सभी मशीनों में एक मत डालकर तथा रैंडम रूप से चुनी गई 5 प्रतिशत मशीनों पर 1000 मत डालकर मॉकपोल किया जाएगा।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रीना बाबासाहेब कंगाले द्वारा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र क्रमांक-51 रायपुर नगर दक्षिण में निर्वाचन लड़ने वाले सभी अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे कमीशनिंग की प्रक्रिया के अवलोकन हेतु नियत तिथि व समय पर कमीशनिंग परिसर रायपुर सेजबहार में स्थित शासकीय इंजीनियरिंग महाविद्यालय में उपस्थित रहकर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों की कार्यप्रणाली और इसकी निष्पक्षता के संबंध में पूरी तरह आश्वस्त हों।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button