छत्तीसगढ़
Trending

**रायपुर दक्षिण उपचुनाव: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जताया भाजपा की बड़ी जीत का भरोसा, राजनीतिक दलों ने चुनावी तैयारियों में झोंकी ताकत**

रायपुर, 17 अक्टूबर 2024। रायपुर दक्षिण विधानसभा उपचुनाव की घोषणा के साथ ही राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद भाजपा और कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आत्मविश्वास भरे अंदाज में कहा है कि रायपुर दक्षिण उपचुनाव को हम एक चुनौती के रूप में ले रहे हैं। सामने वाले को कमजोर नहीं आंकना चाहिए, लेकिन हम पूरी ताकत के साथ चुनाव में उतरेंगे और भारी मतों से विजयी होंगे।

मुख्यमंत्री साय ने यह बयान हरियाणा दौरे पर रवाना होने से पहले दिया। उनके साथ उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा भी हरियाणा के लिए रवाना हुए। मुख्यमंत्री साय ने बताया कि वे हरियाणा के मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह में जा रहे हैं, जिसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बैठक भी होगी।

रायपुर दक्षिण विधानसभा सीट भारतीय जनता पार्टी का गढ़ मानी जाती है, जहां बृजमोहन अग्रवाल 8 बार लगातार विजयी रहे हैं। 2023 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने बड़ी जीत दर्ज की थी, और इसके बाद भाजपा सरकार में उन्हें शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। बाद में 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्हें रायपुर लोकसभा सीट से टिकट दी गई, जिसमें उन्होंने शानदार जीत हासिल की। उनकी जीत के बाद रायपुर दक्षिण में यह उपचुनाव हो रहा है।

उपचुनाव के लिए 13 नवंबर 2024 को मतदान होगा और 23 नवंबर को नतीजे घोषित किए जाएंगे। नामांकन प्रक्रिया 18 अक्टूबर से शुरू होगी और 25 अक्टूबर को नामांकन की अंतिम तिथि होगी। 28 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी होगी और 30 अक्टूबर नामांकन वापसी की अंतिम तिथि है।

रायपुर दक्षिण उपचुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों में तैयारियों का माहौल गर्म है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button