CGPSC अध्यक्ष की नियुक्ति पर CM साय का बड़ा बयान: बोले- बस इंतजार करिए, जल्द होगा फैसला; धान खरीदी और बोनस पर भी रखी बात

रायपुर, 27 नवंबर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने CGPSC में अध्यक्ष की नियुक्ति और भर्ती प्रक्रिया को लेकर बड़ा बयान दिया है। शुक्रवार को महासमुंद और बलरामपुर जिले के दौरे पर रवाना होने से पहले मीडिया से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि CGPSC अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर बस इंतजार करिए, जल्द फैसला होगा।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान प्रदेश के विकास कार्यों, राजनीतिक मुद्दों और धान खरीदी को लेकर भी अपनी बात रखी। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव के.सी. वेणुगोपाल के संसद से जुड़े बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए सीएम साय ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हार से बौखलाए लोग अनर्गल बातें कर रहे हैं।
धान खरीदी और बोनस पर भी बोले मुख्यमंत्री
धान खरीदी को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य है, जहां किसानों के लिए ऑनलाइन टोकन के माध्यम से धान खरीदी की व्यवस्था लागू की गई है। इससे किसानों को खरीदी केंद्रों में धान बेचने के लिए सुविधा मिल रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के हितों को ध्यान में रखकर काम कर रही है। यदि कोई किसान 21 क्विंटल प्रति एकड़ की निर्धारित सीमा के अनुसार पूरा धान नहीं बेच पाता है, तब भी उसे धान बोनस की राशि प्रदान की जाती है।
महासमुंद और बलरामपुर को देंगे विकास कार्यों की सौगात
मुख्यमंत्री शुक्रवार को महासमुंद और बलरामपुर जिले के दौरे पर रवाना हुए। इस दौरान वे करोड़ों रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे तथा अलग-अलग कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद अब CGPSC अध्यक्ष की नियुक्ति और भर्ती प्रक्रिया को लेकर अभ्यर्थियों की निगाहें सरकार के अगले फैसले पर टिकी हैं।


