
बिलासपुर, 19 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में मोबाइल को लेकर हुए विवाद में 7 युवकों ने 16 साल के नाबालिग छात्र का अपहरण कर लिया। आरोपी उसे बंधक बनाकर रातभर मारपीट करते रहे। सूचना मिलने पर पुलिस ने देर रात छापेमारी कर छात्र को सुरक्षित बरामद कर लिया। मामले में पुलिस ने सभी 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है।
पुलिस के मुताबिक, कस्तूरबा नगर निवासी 11वीं का छात्र 17 नवंबर की शाम करीब 6:40 बजे घर से निकला था। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान पता चला कि कोनी के बॉम्बे आवास निवासी शेख अजीमुद्दीन उर्फ अज्जू अपने साथियों के साथ उसे ले गया है। इसके बाद छात्र के भाई ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने शुरू की तलाश
एएसपी सिटी पंकज पटेल ने बताया कि सिंधी कॉलोनी से नाबालिग छात्र के अपहरण की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तत्काल सक्रिय हो गई। संदेही शेख अजीमुद्दीन उर्फ अज्जू और उसके साथियों के ठिकानों पर दबिश दी गई। इस दौरान जानकारी मिली कि आरोपी अपने साथियों के साथ सिंधी कॉलोनी के पास घूम रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
आरोपी की निशानदेही पर मकान से मिला छात्र
पूछताछ में शेख अजीमुद्दीन ने अपने छह अन्य साथियों के साथ मिलकर छात्र का अपहरण करने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर कोनी स्थित एक मकान में दबिश दी और वहां से बंधक बनाए गए छात्र को सुरक्षित बरामद कर लिया।
मोबाइल वापस नहीं मिलने पर किया अपहरण
पुलिस के अनुसार, मोबाइल वापस नहीं मिलने को लेकर आरोपियों और छात्र के बीच विवाद हुआ था। इसी बात से नाराज होकर युवकों ने छात्र को अगवा कर बंधक बना लिया और रातभर उसके साथ मारपीट की।
ये 7 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने शेख अजीमुद्दीन उर्फ अज्जू (22), शेख नजीमुद्दीन (23), निखिल कुशवाहा (22), अलताफ खान (22), शेख निशार (20), मोहम्मद सैफ (21) और अलताफ खान (19) को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी तालापारा और कोनी क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
इस मामले में सिविल लाइन थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2), 138, 115(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।



