छत्तीसगढ़

उत्सव डेयरी में मिला खराब खाद्य सामग्री का भंडार: 900 किलो पनीर और 2 हजार किलो खोवा जब्त, जेसीबी से गड्ढा खोदकर कराया नष्ट

बेरला। त्योहारों के दौरान मिठाइयों और दुग्ध उत्पादों की बढ़ती मांग के बीच लोगों की सेहत से खिलवाड़ का मामला सामने आया है। बेमेतरा जिले के बेरला विकासखंड मुख्यालय स्थित लिमाही चौक की उत्सव डेयरी में खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग रायपुर की टीम ने छापेमारी कर बड़ी मात्रा में खराब और संदिग्ध खाद्य सामग्री जब्त की है। जांच के दौरान यहां 900 किलो पनीर और 2 हजार किलो खोवा मिला। खोवा में फफूंद लगी हुई थी, जबकि पनीर और अन्य सामग्री से तेज दुर्गंध आ रही थी।

खाद्य विभाग की टीम को डेयरी के कोल्ड स्टोरेज में खाद्य सुरक्षा मानकों के विपरीत हालात मिले। परिसर में फर्श पर कीचड़ और गंदा पानी जमा था। इसके अलावा करीब 100 किलो लड्डू और मिल्क केक, कुंदा और दूध भी मिला। अधिकारियों की मौजूदगी में नगर पालिका के सहयोग से खराब और संदिग्ध खाद्य सामग्री को जेसीबी की मदद से गहरा गड्ढा खोदकर नष्ट कराया गया।

औद्योगिक एसिड से फाड़ रहे थे दूध

जांच के दौरान डेयरी में दूध फाड़ने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे एसिडिक एसिड के कंटेनर भी मिले। अधिकारियों के मुताबिक, दूध फाड़ने में इस्तेमाल किया जा रहा एसिड फूड ग्रेड के बजाय इंडस्ट्रियल ग्रेड का था। खाद्य पदार्थों के निर्माण में केवल निर्धारित खाद्य गुणवत्ता वाले पदार्थों का ही इस्तेमाल किया जाना चाहिए।

विभाग को डेयरी में एनालॉग पनीर बनाए जाने की सूचना भी मिली थी। इसी आधार पर टीम ने जांच की। हालांकि, जब्त पनीर एनालॉग है या नहीं, इसकी पुष्टि प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।

एक सप्ताह के लिए लाइसेंस निलंबित

खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने मौके से खाद्य सामग्री के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं। फिलहाल डेयरी का खाद्य लाइसेंस एक सप्ताह के लिए निलंबित कर दिया गया है। जांच रिपोर्ट में गड़बड़ी की पुष्टि होने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।

छापेमारी के दौरान डेयरी संचालक अजित साहू मौके पर नहीं मिला। अधिकारियों के अनुसार, दीपावली से पहले भी विभाग की टीम ने डेयरी का निरीक्षण किया था, लेकिन उस समय इतनी बड़ी मात्रा में खाद्य सामग्री का स्टॉक नहीं मिला था। त्योहार को देखते हुए इस बार सामान्य दिनों की तुलना में काफी अधिक मात्रा में पनीर, खोवा और अन्य सामग्री जमा की गई थी।

यह कार्रवाई उपायुक्त आशीष यादव और सहायक आयुक्त डोमन ध्रुव के नेतृत्व में की गई। टीम में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजीव कुर्रे और रिचा शर्मा भी शामिल थे।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन के नियंत्रक दीपक अग्रवाल ने बताया कि डेयरी में 900 किलो पनीर और 2 हजार किलो खोवा मिला है। खोवा में फफूंद और कोल्ड स्टोरेज में गंदगी पाई गई है। फिलहाल डेयरी का लाइसेंस एक सप्ताह के लिए निलंबित किया गया है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button