
रायपुर, 13 नवंबर। महादेव ऑनलाइन सट्टा एप मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) को बड़ी सफलता मिली है। मामले के प्रमुख आरोपियों में शामिल सौरभ चंद्राकर को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तारी के बाद उसे PMLA कोर्ट में पेश किया गया, जहां अदालत ने 19 नवंबर तक 7 दिन की ED रिमांड मंजूर की है। अब जांच एजेंसी उससे सट्टा कारोबार के नेटवर्क, करोड़ों रुपये के वित्तीय लेन-देन और विदेशों में बनाई गई संपत्तियों को लेकर पूछताछ करेगी।
ED के अनुसार, सौरभ चंद्राकर इस सट्टेबाजी सिंडिकेट का पहला प्रमोटर है, जिसे भारत वापस लाया गया है। उसने अपने सहयोगी रवि उप्पल के साथ दुबई स्थित मुख्य कार्यालय से महादेव ऑनलाइन बुक का संचालन किया। इसके लिए भारत और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में बेटिंग पैनल की फ्रेंचाइजी तैयार की गई थी।
हर महीने 450 करोड़ रुपये की कमाई का आरोप
ED की 20 अक्टूबर 2023 की मुख्य शिकायत के मुताबिक, महादेव सट्टा सिंडिकेट की अनुमानित कमाई करीब 450 करोड़ रुपये प्रति माह थी। खिलाड़ियों से मिलने वाली रकम दूसरे लोगों के नाम पर संचालित बैंक खातों में जमा कराई जाती थी। इसके बाद हवाला नेटवर्क के जरिए पैसा भारत से बाहर भेजा जाता था।
तीन साल से तलाश कर रही थी जांच एजेंसी
ED के मुताबिक, सितंबर 2023 में समन जारी होने के बावजूद सौरभ चंद्राकर जांच में शामिल नहीं हुआ। इसके बाद 4 सितंबर 2023 को विशेष अदालत ने उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया। ED के अनुरोध पर इंटरपोल ने भी रेड नोटिस जारी किया था।
जांच में सामने आया कि सौरभ ने भारतीय पासपोर्ट रहते हुए वानुअतु का पासपोर्ट भी हासिल कर लिया था। उसने विशेष अदालत के सामने भारतीय नागरिकता छोड़ने का दावा किया था, लेकिन भारतीय दूतावास से नागरिकता की पुष्टि होने के बाद उसकी यह दलील खारिज कर दी गई।
ओमान से प्रत्यर्पण के जरिए लाया गया भारत
ED ने भारत और ओमान के बीच प्रत्यर्पण संधि के तहत सौरभ की वापसी की कार्रवाई की। मस्कट की अपील अदालत ने 8 अक्टूबर 2026 को उसके प्रत्यर्पण का आदेश दिया था। इसके बाद फर्जी यात्रा दस्तावेजों के जरिए मस्कट अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से बाहर जाने की कोशिश के दौरान उसे पकड़ा गया।
केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की टीम 1 नवंबर 2026 को उसे मस्कट से भारत लेकर आई। इस पूरी प्रक्रिया में ED ने ओमान के अधिकारियों के सहयोग के लिए आभार जताया।
190 ठिकानों पर छापे, 3,500 करोड़ की संपत्तियां अटैच
ED के अनुसार, महादेव सट्टा एप मामले में अब तक करीब 190 ठिकानों पर तलाशी ली जा चुकी है। जांच एजेंसी लगभग 2,000 करोड़ रुपये की संपत्तियां जब्त या फ्रीज कर चुकी है, जबकि करीब 3,500 करोड़ रुपये की संपत्तियां अटैच की गई हैं। इनमें विदेशों में स्थित लगभग 1,800 करोड़ रुपये की संपत्तियां भी शामिल हैं। दुबई में 22 अचल संपत्तियां अटैच की गई हैं।
मामले में 116 आरोपियों के खिलाफ छह अभियोजन शिकायतें दाखिल की गई हैं। सौरभ चंद्राकर इस प्रकरण में ED द्वारा गिरफ्तार किया गया 15वां आरोपी है।
सट्टे की कमाई से अमेरिकी कंपनी के अधिग्रहण में निवेश
जांच एजेंसी ने सट्टेबाजी से प्राप्त रकम के दुबई से हवाला नेटवर्क और शेयर बाजार तक पहुंचने की भी पड़ताल की है। सितंबर 2023 में दुबई की कंपनियों के पास मौजूद करीब 236 करोड़ रुपये की प्रतिभूतियों को फ्रीज किया गया था।
जुलाई 2026 में ED ने विकास गर्ग को गिरफ्तार किया था। उसकी कंपनियों को सट्टेबाजी से अर्जित करीब 940 करोड़ रुपये मिलने का आरोप है। इसमें से लगभग 766 करोड़ रुपये अमेरिका की कंपनी एबिक्स इंक (Ebix Inc.) के अधिग्रहण में लगाए गए थे। इस मामले में ED ने करीब 941 करोड़ रुपये की संपत्तियां अटैच की हैं।
200 करोड़ रुपये की शाही शादी भी जांच के घेरे में
फरवरी 2023 में सौरभ चंद्राकर की शादी UAE के रास अल खैमाह में हुई थी। इस शादी में करीब 200 करोड़ रुपये नकद खर्च होने का अनुमान लगाया गया था। आयोजन के लिए नागपुर से तीन चार्टर्ड विमान भेजे गए थे।
ED ने इवेंट कंपनी, होटल और अंगड़िया फर्मों के जरिए हुए वित्तीय लेन-देन की जांच की। शादी में शामिल मेहमानों की सूची के आधार पर सिंडिकेट के प्रबंधन से जुड़े लोगों की पहचान भी की गई।
अब डिजिटल डेटा और सहयोगियों के बयानों के आधार पर पूछताछ
ED की हिरासत में सौरभ चंद्राकर से उसके सहयोगियों के बयानों, डिजिटल डेटा और विदेशी कंपनियों से जुड़े दस्तावेजों के आधार पर पूछताछ होगी। जांच एजेंसी धन शोधन के अपराध में उसकी भूमिका और सट्टा नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाएगी। मामले में आगे की जांच जारी है।



