रायपुर में शक्कर की सप्लाई बंद होने की खबर निकली भ्रामक: प्रशासन ने कहा- उचित मूल्य दुकानों में वितरण जारी, हितग्राही राशन लेते रहें

रायपुर, 3 नवंबर 2026। रायपुर जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के अंतर्गत संचालित शासकीय उचित मूल्य की दुकानों में शक्कर की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था पूरी तरह सुचारू रूप से संचालित हो रही है। जिला प्रशासन और खाद्य विभाग द्वारा जिले में शक्कर की आपूर्ति एवं वितरण प्रक्रिया पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है, ताकि पात्र हितग्राहियों को तय व्यवस्था के अनुसार समय पर राशन सामग्री प्राप्त हो सके और उन्हें किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
खाद्य विभाग के जिला कार्यालय स्थित खाद्य शाखा द्वारा जिले की सभी उचित मूल्य दुकानों में शक्कर के स्टॉक, उपलब्धता और वितरण की स्थिति की लगातार समीक्षा की जा रही है। इस बीच, कुछ माध्यमों में जिले में शक्कर की आपूर्ति पूरी तरह बंद होने संबंधी भ्रामक खबरें प्रसारित की जा रही हैं, जो पूरी तरह तथ्यहीन हैं।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत जिले में शक्कर की उपलब्धता और वितरण सामान्य रूप से जारी है। हितग्राहियों से अपील की गई है कि वे ऐसी अप्रमाणित और भ्रामक खबरों पर ध्यान न दें। हितग्राही शासकीय उचित मूल्य की दुकानों से शक्कर के साथ ही महीने का राशन भी प्राप्त कर सकते हैं।



