Share Market

शेयर मार्केट: लगातार 9वें दिन तेजी में बंद हुआ बाजार,सेंसेक्स 38 अंक बढ़कर 60,431 पर बंद, अडाणी ग्रुप के 6 शेयरों में रही गिरावट

शेयर बाजार में आज यानी गुरुवार (13 अप्रैल) को तेजी देखने को मिली। सेंसेक्स 38 अंक की बढ़त के साथ 60,431 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी में भी 15 अंकों की तेजी रही। यह 17,828 के स्तर पर बंद हुआ। सेंसेक्स के 30 में से 18 शेयरों में तेजी और 12 में गिरावट देखने को मिली। लगातार 9वें दिन शेयर बाजार तेजी के साथ बंद हुआ है।null

अडाणी एंटरप्राइजेज का शेयर 1.20% चढ़ा
आज अडाणी ग्रुप के 10 शेयरों में से 6 में गिरावट और 4 में तेजी देखने को मिली। ग्रुप की फ्लैगशिप कंपनी अडाणी एंटरप्राइजेज का शेयर 1.20% चढ़ा। NDTV के शेयर में 2% की तेजी रही। ACC और अडाणी पोर्ट्स में भी तेजी देखने को मिली। अडाणी टोटल गैस के शेयर में 2% से ज्यादा की गिरावट रही। अंबुजा सीमेंट, अडाणी ट्रांसमिशन, विल्मर, पावर और ग्रीन एनर्जी के शेयरों में भी गिरावट देखने को मिली।

इंडसइंड बैंक-HDFC लाइफ निफ्टी-50 के टॉप गेनर
इंडसइंड बैंक, HDFC लाइफ, आयशर मोटर्स, अपोलो हॉस्पिटल, पावर ग्रिड, एक्सिस बैंक, ब्रिटानिया और कोटक बैंक समेत निफ्टी-50 के 29 शेयरों में तेजी रही। वहीं इंफोसिस, टेक महिंद्रा, HCL टेक, NTPC, TCS, BPCL, विप्रो, डिविस लैब और सन फार्मा समेत निफ्टी के 20 शेयरों में गिरावट देखने को मिली। वहीं एक शेयर में कोई बदलाव नहीं हुआ।

PSU बैंक सेक्टर में सबसे ज्यादा 1.45% की तेजी रही
NSE के 11 सेक्टोरल इंडेक्स में से 8 में तेजी और 3 में गिरावट देखने को मिली। PSU बैंक सेक्टर में सबसे ज्यादा 1.45% की तेजी रही। बैंक, प्राइवेट बैंक और रियल्टी सेक्टर में भी 1% से ज्यादा की तेजी देखने को मिली। ऑटो, फाइनेंशियल सर्विसेज, FMCG और मेटल सेक्टर में भी तेजी रही। वहीं IT, मीडिया और फार्मा सेक्टर में गिरावट देखने को मिली।

एक दिन पहले भी तेजी में बंद हुआ था बाजार
एक दिन पहले बुधवार यानी 12 अप्रैल को भी शेयर बाजार में तेजी देखने को मिली थी। सेंसेक्स 235 अंक की बढ़त के साथ 60,392 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी में भी 90 अंकों की बढ़त रही। यह 17,812 के स्तर पर बंद हुआ था।

15 महीने के निचले स्तर पर आई रिटेल महंगाई
मार्च में खुदरा महंगाई 15 महीने के निचले स्तर पर आ गई है। खुदरा महंगाई मार्च में 5.66% रही जो फरवरी में 6.44% थी। सरकार द्वारा 12 अप्रैल को जारी आंकड़ों के अनुसार मार्च में खुदरा महंगाई दर RBI के 6% ऊपरी सीमा से नीचे गिर गई है। खाने-पीने के सामान के दामों में गिरावट आने से महंगाई घटी है। कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स (CPI) के बास्केट में लगभग आधी हिस्सेदारी खाद्य पदार्थों की होती है।

फरवरी में इंडस्ट्रियल प्रोडक्शन बढ़कर 5.6% हुआ
सरकार ने बुधवार को फरवरी महीनें का इंडेक्स ऑफ इंडस्ट्रियल प्रोडक्शन यानी IIP डेटा जारी किया है। फरवरी में IIP 5.6% रही, जो कि उसके पिछले महीने यानी जनवरी के 5.5% से ज्यादा है। दिसंबर 2022 में IIP 4.7% रही थी। वहीं पिछले साल फरवरी 2022 में IIP की ग्रोथ 1.17% रही थी। IIP से पता चलता है कि देश की फैक्ट्रियों में कामकाज कैसा चल रहा है। औद्योगिक उत्पादन के आंकड़े काफी हद तक उम्मीदों के अनुरूप ही रहे हैं।

Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button