रिटायर्ड फौजी चाचा को फंसाने भतीजे ने नौकर के साथ मिलकर दो प्लॉटो की फर्जी रजिस्ट्री कराकर बेचा

भोपाल : गुरूवार, जुलाई 6, 2023/ टीटी नगर पुलिस ने एक प्रापर्टी डीलर और उसके नौकर के खिलाफ चार सौ बीसी का मामला कायम किया है। आरोपी ने अपने चाचा को फंसाने के लिये पहले तो खुद की जगह नौकर को प्लाट का मालिक बनाकर फर्जी रजिस्ट्री करा ली और बाद में चाया के खिलाफ झूठा आवेदन देते हुए कहा कि उसके चाचा ने फर्जी रजिस्ट्री कराकर उसके दो प्लाट बेच दिए हैं। थाना पुलिस के अनुसार पूजा कॉलोनी नीलबड़ में रहने वाले राकेश आर्य रिटायर्ड आर्मीमेन हैं। उनका भतीजा प्रेमकांत आर्य प्रापर्टी डीलिंग का काम करता था। भतीजे ने पुलिस अफसरो को शिकायती आवेदन देते हुए बताया था कि उसके चाचा राकेश आर्य ने फर्जीवाड़ा कर नीलबड़ स्थित फार्म हाउस के उसके 10 हजार वर्गफिट के दो प्लाट बेच दिए हैं। पुलिस ने मामले की जांच की तब सामने आया कि यह प्लाट राकेश ने नहीं बल्कि उनके खिलाफ शिकायत करने वाले उनके भतीजे प्रेमकांत आर्य ने ही बेचे थे। पड़ताल में सामने आया कि प्रेमकांत ने नौकर बसंत लोधी को 12 दफ्तर जवाहर चौक स्थित रजिस्ट्रार ऑफिस में अपने स्थान पर खड़ा कर प्लाट की रजिस्ट्रियां कराई थीं। पुलिस ने जब नौकर से पूछताछ की तब उसने सारी सच्चाई बता दी। इसके बाद चाचा को झूठे मामले में फंसाने के लिए प्रैमकांत ने शिकायती आवेदन दे दिया था। आरोपी प्रेमकांत आर्य से पूछताछ में सामने आया कि जिस किसान से उसने जमीन ने खरीदी थी, उससे अनुबंध हुआ था, कि उस जमीन पर सिर्फ पार्क और मंदिर ही बनाया जाएगा। इसके लिये उसने यह साजिश रची थी। पुलिस ने आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है ।



