National

ट्रैक पर 51 घंटे बाद दौड़ी पहली ट्रेन, 182 शवों की शिनाख्त नहीं, CBI जांच की सिफारिश… ओडिशा हादसे के बाद अब कैसे हैं हालात

हादसे के दो दिन बाद भी ओडिशा के बालासोर में दर्द का मंजर नजर आ रहा है. यूं तो 51 घंटे बाद ट्रैक पर पहली ट्रेन दौड़ने लगी है, लेकिन अब भी बोगियां का मलबा त्रासदी की कहानी बता रहा है और इस कहानी में उलझे हैं कई सवाल. आखिर कैसे तीन ट्रेंने आपस में टकरा गईं? कैसे ये हादसा ढ़ाई सौ से अधिक लोगों की मौत और 1100 से अधिक लोगों के घायल होने की वजह बन गया? पड़ताल चल रही है.

दरअसल, कोरोमंडल एक्सप्रेस, बेंगलुरु हावड़ा एक्सप्रेस और एक मालगाड़ी के एक साथ हादसे की चपेट में आने की ये घटना रेलवे के इतिहास में सामान्य घटना नहीं है. लिहाजा हर एक एंगल से पूरी घटना की पड़ताल चल रही है. अंतिम निष्कर्ष के लिए रेलवे सेफ्टी कमिश्नर की विस्तृत रिपोर्ट आने की बात हो रही है. साथ ही किसी तरह की साजिश का पता लगाने के लिए सीबीआई जांच की सिफारिश कर दी गई है.

images 2023 06 05T012129.315

275 लोगों की मौत, 182 शवों की शिनाख्त नहीं

शुक्रवार को बहनागा बाजार स्टेशन के पास हुए तबाही का मंजर देखकर हर किसी की रूह कांप उठी. 275 लोगों की दर्दनाक मौत हो चुकी है. वहीं हजार से ज्यादा लोग घायल हैं. 182 शव ऐसे हैं, जिनकी अभी तक शिनाख्त नहीं हो सकी है. आलम ये है कि अस्पतालों के मुर्दाघर शवों से खचाखच भरे हैं और इस भीषण गर्मी में शवों को सुरक्षित रखना प्रशासन के लिए चुनौती बना हुआ है. इसके लिए एक स्कूल और कोल्ड स्टोरेज को मुर्दाघर में तब्दील कर दिया गया है.

187 शवों को भुवनेश्वर किया गया शिफ्ट

हादसे के बाद बालासोर के मुर्दाघरों में जगह न होने के कारण एक स्कूल को ही मुर्दाघर बना दिया गया. यहां क्लास में शवों को रखा गया था. वहीं ओडिशा सरकार ने 187 शवों को जिला मुख्यालय शहर बालासोर से भुवनेश्वर शिफ्ट किया था. हालांकि, यहां भी जगह की कमी मुर्दाघर प्रशासन के लिए स्थिति को कठिन बना रही है. इनमें से 110 शवों को एम्स भुवनेश्वर में रखा गया है. वहीं बचे हुए शवों को कैपिटल अस्पताल, अमरी अस्पताल, सम अस्पताल आदि में रखा गया है.

ताबूत, बर्फ और फॉर्मेलिन से सुरक्षित रखे जा रहे शव

एम्स भुवनेश्वर के एक अधिकारी ने न्यूज एजेंसी को बताया कि यहां शवों को सुरक्षित रखना हमारे लिए भी एक वास्तविक चुनौती है, क्योंकि हमारे पास अधिकतम 40 शवों को रखने की सुविधा है. एम्स के अधिकारियों ने शवों की पहचान होने तक उन्हें सुरक्षित रखने के लिए ताबूत, बर्फ और फॉर्मेलिन रसायन खरीदे हैं. गर्मी के इस मौसम में शवों को रखना वास्तव में मुश्किल है.

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रविवार को भुवनेश्वर में एक प्रेस कांफ्रेंस के दौरान बताया कि मेन लाइन पर मरम्मत का काम पूरा हो चुका है. विद्युतीकरण का काम अभी भी जारी है. रेलवे घायल और मृतकों के परिजनों के संपर्क में है. रेलवे ने सिफारिश की है कि जांच सीबीआई से कराई जाए. सभी परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए आगे की जांच के लिए सीबीआई को सौंपा जाएगा. इसकी सिफारिश रेलवे बोर्ड की तरफ से किया जा रहा है.

अपनों की तलाश में भटक रहे परिजन

हादसे के बाद जगह-जगह से लोग बालासोर अपनों की तलाश में पहुंच रहे हैं. राहत बचाव कार्य खत्म होने के बाद अब अस्पताल से लेकर मुर्दाघरों तक में जाकर परिजन अपनों को ढूंढ रहे हैं. कोरोमंडल एक्सप्रेस में यात्रा करने वाले बिहार के सीतामढ़ी निवासी मनोज कुमार सहनी के परिजन भी रविवार को बालासोर पहुंचे. उनके भाई सुनील कुमार साहनी और दिलीप साहनी उनकी तलाश में ओडिशा के एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल भटकते नजर आए.

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button