NationalPolitics

Assembly Election Result 2024 : अरुणाचल प्रदेश में भाजपा की प्रचंड जीत, सिक्किम में सत्तारूढ़ एसकेएम को कामयाबी

नई दिल्ली, 3 जून 2024

एक्जिट पोल के बाद गदगद दिख रही भाजपा को अगली सुबह यानी रविवार को एक और बड़ी कामयाबी हाथ लगी। पार्टी ने अरुणाचल प्रदेश में लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी करते हुए रविवार को 60 सदस्यीय विधानसभा में 46 सीट जीतकर भारी बहुमत हासिल किया। कांग्रेस महज एक सीट पर सिमट गई।

उधर, सिक्किम में जनता ने मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग उर्फ गोले के प्रति अपार स्नेह जताते हुए उनकी पार्टी सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा (एसकेएम) को 32 में से 31 सीटों पर जीत दिलाई। तमांग लगातार दूसरी बार सिक्किम के मुख्यमंत्री बनेंगे।

एनडीए के साथ बने रहेंगे तमांग
रविवार को इन दोनों पहाड़ी राज्यों की विधानसभाओं के लिए मतगणना पूरी हुई। तमांग भाजपा के पुराने सहयोगी हैं। जीत के बाद उन्होंने कहा कि वह राजग के सहयोगी बने रहेंगे। अरुणाचल प्रदेश की 60 में से 50 विधानसभा सीटों के लिए 19 अप्रैल को लोकसभा चुनाव के साथ ही मतदान हुआ था, जबकि भाजपा ने 10 सीट पहले ही निर्विरोध जीत ली थीं।

अरूणाचल में भाजपा ने जीती 36 सीट
मुख्यमंत्री पेमा खांडू भी निर्विरोध जीतने वाले उम्मीदवारों में से एक हैं। जिन 50 सीट पर मतदान हुआ, उनमें से भाजपा ने 36 सीट पर जीत दर्ज की। अरुणाचल प्रदेश में नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) को पांच सीट मिलीं, जबकि पीपुल्स पार्टी आफ अरुणाचल ने दो और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने तीन सीटों पर जीत दर्ज की। कांग्रेस ने एक सीट जीती और तीन सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार विजयी हुए हैं।

भाजपा ने अरुणाचल प्रदेश में 2019 के विधानसभा चुनाव में 41 सीटों पर जीत हासिल की थी। भाजपा का वोट प्रतिशत 54.57 रहा। उधर, सिक्किम में विधानसभा की 32 सीटों में से 31 पर तामांग की पार्टी एसकेएम को जीत मिली। एसकेएम की आंधी में पवन चामलिंग के सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट (एस़डीएफ) के सपने धराशाही हो गए और उनका साथ दे रहे पूर्व फुटबालर बाइचुंग भूटिया को भी लगातार छठी हार का सामना करना पड़ा।

सिक्किम में भाजपा की झोली खाली
उनकी पार्टी के एक मात्र उम्मीदवार तेंजिल लाम्था ने स्यारी विधानसभा सीट पर 1314 मतों से विजय हासिल की है। राज्य में अकेले चुनाव लड़ रही भाजपा की झोली खाली रह गई। कभी रिकॉर्ड समय तक सिक्किम के मुख्यमंत्री रहे पवन चामलिंग दो सीटों नामची के पोकलोक कामरांग और पाक्योंग के नामचेबुं से चुनाव लड़े थे और कहीं भी नहीं जीत पाए। तमांग की पार्टी ने पिछली बार 17 सीटें जीती थीं।

धन्यवाद अरुणाचल प्रदेश। इस शानदार राज्य की जनता ने विकास की राजनीति को स्पष्ट जनादेश दिया है। अरुणाचल में भाजपा पर एक बार फिर अपना विश्वास जताने के लिए मेरा आभार। हमारी पार्टी राज्य के विकास के लिए और भी अधिक उमंग के साथ काम करेगी। भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिस तरह कड़ी मेहनत की और वे पूरे राज्य में गए और लोगों से जुड़े, वह भी सराहनीय है।

नरेन्द्र मोदी, प्रधानमंत्री

Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button