पुलिसकर्मी की नाबालिग बेटी से मनचले ने घर में घुसकर की छेड़छाड़, विरोध करने पर चांटे मारे

भोपाल : बुधवार, जुलाई 5, 2023। नये शहर के कमला नगर इलाके में स्थित नेहरू नगर पुलिस लाइन के सरकारी आवास में रहने वाले पुलिसकर्मी के घर में घुसकर मनचले ने उनकी नाबालिग बेटी से छेड़खानी की। इतना ही नहीं किशोरी के विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट की। किशोरी के शोर मचाने पर आरोपी वहॉ से भाग गया। थाना पुलिस के मुताबिक नेहरू नगर पुलिस लाइन में परिवार सहित रहने वाले प्रधान आरक्षक की 16 साल की बेटी निजी स्कूल में 11 वीं कक्षा की पढ़ाई कर रही है। वहीं सौरभ रघुवंशी नाम का आरोपी भी पुलिस लाइन के पास ही रहता है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि सौरभ बीते करीब 6 महीने से उसका स्कूल आते-जाते और किसी भी काम के लिये घर से बाहर निकलने पर उसका पीछा कर बातचीत कर दोस्ती करने का दबाव बनाता था। किशोरी द्वारा उसके रास्ता रोकने और बातचीत करने का मना करने पर आरोपी गुस्सा करने लगता था। इसके बाद आरोपी ने उसका मोबाइल नंबर देने को कहा, जिसपर भी छात्रा ने मना कर दिया। झगड़ा होने के डर से किशोरी ने उसकी करतूतो के बारे में परिवार वालो को नहीं बताया था, जिससे आरोपी की हिम्मत बढ़ गई। बताया गया है कि इन दिनों पीड़ित की मां रिश्तेदारी में अपने गांव गई हुई हैं, घर पर उसकी बड़ी बहन है। वहीं आरोपी की हरकतो का किशोरी द्वारा लगातार विरोध करने के बाद भी बैखौफ आरोपी सौरभ बीती रात करीब 1 बजे उसके घर जा पहुंचा। उस समय किशोरी के पिता और जीजा दोनों नौकरी पर गए हुए थे, और उसकी बहन दूसरे कमरे में सो रही थी। आरोपी ने मकान की घंटी बजाई। पीड़िता ने पिता के आने का समझकर गेट खोला। दरवाजा खुलते ही आरोपी सौरभ घर में जा घुसा और छेड़छाड़ करते हुए उस पर बात करने का दबाव बनाने लगा। छात्रा ने उसे घर से निकल जाने को कहा। गुस्से में आये मनचले ने किशोरी को चांटे जड़ दिये साथ ही एक लात भी मारी। किशोरी ने शोर मचाया जिससे डर के मनचला घर से भाग गया। बाद में पिता के आने पर पीड़िता ने उन्हें आरोपी की सारी करतूत बताई। पिता उसे लेकर थाने पहुंचे जहॉ पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास शुरु कर दिये है।



