LIVEविपक्ष का ब्लैक प्रोटेस्ट, सोनिया ने भी काले कपड़े पहने:लोकसभा स्पीकर के मुंह के सामने काला कपड़ा लहराया; प्रदर्शन में TMC समेत 17 पार्टियां

लोकसभा में कांग्रेसी सांसदों ने स्पीकर ओम बिड़ला के मुंह के सामने काला कपड़ा लहराया।
राहुल गांधी की सांसदी जाने और अडाणी मामले पर सोमवार को विपक्ष ने ब्लैक प्रोटेस्ट किया। इसमें 17 विपक्षी दल शामिल हुए। सोनिया गांधी भी काले कपड़े पहनकर संसद पहुंचीं। उधर, लोकसभा में विपक्षी सांसदों ने भारी हंगामा किया। एक सांसद तो लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला के आसन तक पहुंच गया और काला कपड़ा लहराने लगा। यह देख स्पीकर सभा को स्थगित कर चले गए।null
दरअसल, सुबह 11 बजे जैसे ही दोनों सदनों की कार्यवाही शुरू हुई। विपक्ष ने नारेबाजी शुरू कर दी। इससे राज्यसभा की कार्यवाही को 2 बजे तक और लोकसभा की कार्यवाही को 4 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया।
कांग्रेस के प्रदर्शन में खड़गे काली पगड़ी में दिखे, बोले-लोकतंत्र के लिए काला अध्याय
विपक्ष ने संसद में गांधी प्रतिमा के सामने नारेबाजी की।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने ट्वीट किया- ‘लोकतंत्र के लिए “काला अध्याय” ! पहली बार सत्ता पक्ष संसद को ठप्प कर रहा है। क्यों? क्योंकि मोदी जी के परम मित्र के काले कारनामे उजागर हो रह हैं ! एकजुट विपक्ष JPC की मांग पर कायम रहेगा।’
खड़गे ने कहा, ‘हम काले कपड़ों में क्यों आए हैं? हम दिखाना चाहते हैं कि पीएम मोदी इस देश में लोकतंत्र को खत्म कर रहे हैं। पहले उन्होंने स्वायत्त संस्थाओं को खत्म किया, इसके बाद जहां-जहां जिसने चुनाव जीता, उसे डरा-धमकाकर पीएम ने अपनी सरकार बनवाई। जो लोग उनके आगे नहीं झुके, उन्हें झुकाने के लिए ED और CBI का इस्तेमाल किया।’
कांग्रेस की ऑल-पार्टी मीटिंग में शामिल हुई TMC
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने आज संसद की कार्यवाही शुरू होने के पहले अपने चैम्बर में विपक्षी दलों के नेताओं की बैठक रखी। इसमें कांग्रेस, डीएमके, सपा, जेडीयू, बीआरएस, सीपीएम, आरजेडी, एनसीपी, सीपीआई, आप और टीएमसी समेत 17 पार्टियां शामिल हुईं। इस बैठक में तृणमूल कांग्रेस का आना चौंकाने वाला रहा। इसे लेकर खड़गे ने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए जो भी आगे आएगा हम उसका स्वागत करेंगे।



