Karnataka Election Results 2023: कर्नाटक में कांग्रेस ही ‘किंग’, बीजेपी से 7 फीसदी ज्यादा वोट मिले, दिल्ली से बेंगलुरू तक जश्न

कर्नाटक विधानसभा चुनाव के नतीजे आना शुरू हो गए हैं. सभी 224 विधानसभा सीटों पर बीजेपी, कांग्रेस और जेडीएस के बीच मुकाबला है. मतगणना के लिए राज्य भर में 36 सेंटर्स बनाए गए हैं. राज्य के भावी राजनीतिक परिदृश्य की तस्वीर दोपहर तक साफ होगी. आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए राज्य भर में, विशेषकर मतगणना केंद्रों के अंदर और आसपास सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं.
क्या कर रहा इशारा पोल ऑफ पोल्स का औसत?
10 मई को हुई वोटिंग के बाद कर्नाटक विधानसभा चुनावों के नतीजों को लेकर किए गए एग्जिट पोल में अधिकांश में कांग्रेस को बढ़त बनाते हुए दिखाया गया है. इन एग्जिट पोल पर गौर किया जाए तो 10 में से आठ एग्जिट पोल में कांग्रेस को बढ़त मिलती दिखाई दे रही है. तो वहीं दो एग्जिट पोल बीजेपी को बहुमत मिलता दिखा रहे हैं.
पोल ऑफ पोल्स औसत के मुताबिक, कांग्रेस को 109, बीजेपी को 91 और जेडीएस को 23 सीटें मिलती दिख रही हैं. वहीं 4 एग्जिट पोल कांग्रेस को पूरी तरह से खुद के दम पर बहुमत मिलता दिखा रहे है. एग्जिट पोल में जेडीएस को जितनी सीट मिलती दिख रही हैं उस हिसाब से दक्षिण में बीजेपी का गढ़ कहे जाने वाले इस राज्य में त्रिशुंक विधानसभा से भी इंकार नहीं किया जा सकता है.
इस राज्य की 224 सीटों वाली विधानसभा में सरकार बनाने के लिए बहुमत में आने के लिए 113 सीट पर जीत जरूरी है. दरअसल कर्नाटक विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल 24 मई को खत्म होने जा रहा है. इस वजह यहां इस तारीख से पहले नई सरकार बननी है.
साल 2018 की तुलना में बढ़ा मतदान का प्रतिशत
कर्नाटक विधानसभा चुनाव में 73.19 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया. निर्वाचन अधिकारियों ने गुरुवार (11 मई) को अंतिम आंकड़े साझा करते हुआ इसे रिकॉर्ड मतदान करार दिया. दरअसल राज्य में 224 विधानसभा सीटों के लिए बुधवार 10 मई को वोट डाले गए थे. कर्नाटक के मुख्य निर्वाचन कार्यालय (सीईओ) ने कहा, “कर्नाटक ने अपने लिए एक नया रिकॉर्ड बनाया है. कर्नाटक विधानसभा चुनाव 2023 के लिए अंतिम मतदान 73.19 प्रतिशत दर्ज किया गया.”



