फर्जी पत्रकार बन वरिष्ठ अधिकारियों और व्यापारियों को झूठी शिकायतों से ब्लैकमेल करने वाला शातिर व्यक्ति, पत्रकारों ने रायपुर के एस.पी. से कार्रवाई की मांग की

रायपुर, 27 जनवरी 2025| छत्तीसगढ़ में एक फर्जी पत्रकार द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों और व्यापारियों को झूठी शिकायतों के जरिए ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। आरोपी अकलेश खटोड़ उर्फ अखिलेश जैन, जो खुद को पत्रकारिता से जुड़ा बताता है, असल में मीडिया संस्थान का नाम लेकर शासन, जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन से पत्राचार कर रहा था। वह आई.ए.एस., आई.पी.एस. अधिकारियों, व्यापारी वर्ग और पत्रकारों के खिलाफ मनगढ़ंत और झूठी शिकायतें दर्ज करता था, ताकि लोक सेवकों को गुमराह किया जा सके और वे गलत निर्णय लें।
इस मामले में पत्रकारों के एक प्रतिनिधिमंडल ने राजधानी रायपुर में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लाल उम्मेद सिंह से मुलाकात की और इस शातिर व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। पत्रकारों ने शिकायत की है कि यह व्यक्ति उनके खिलाफ भी झूठी शिकायतें कर रहा है। उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से मांग की है कि इसकी गतिविधियों की विस्तृत जांच की जाए और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
इससे पहले, राजधानी के कई प्रशासनिक अधिकारियों और व्यापारियों ने भी अकलेश खटोड़ के खिलाफ शिकायत की थी और इसके काले कारनामों का खुलासा किया था। इस शातिर व्यक्ति ने पहले एक बड़े बिल्डर की फर्म में नौकरी की थी और बाद में उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया था।
पत्रकारों के दल ने एस.पी. से मिलने के बाद इस मामले में जल्दी ही जांच की उम्मीद जताई है और आरोपित के खिलाफ कार्रवाई की अपील की है।



