छत्तीसगढ़
Trending

सेंट्रल जेल रायपुर में अनोखी पहल! बंदियों ने प्रयागराज महाकुंभ के पवित्र गंगाजल से किया स्नान, मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री को कहा धन्यवाद

रायपुर, 25 फरवरी 2025/ राजधानी के सेंट्रल जेल में आज सुबह सुंदर नजारा था, बंदियों के लिए भावपूर्ण माहौल था, वे प्रयागराज के त्रिवेणी संगम से लाए जल से स्नान कर रहे थे। इसके साथ-साथ वे “हर हर गंगे” और “हर हर महादेव” के जयकारे लगा रहे थे। बंदियों ने इस आयोजन के लिए छत्तीसगढ़ सरकार को धन्यवाद दिया। छत्तीसगढ़ शासन एवं जेल प्रशासन की पहल पर केंद्रीय जेल रायपुर में बंदियों को प्रयागराज महाकुंभ से प्राप्त पवित्र गंगाजल से आज सुबह सामूहिक स्नान कराया गया। बंदियों में महाकुंभ के जल से पवित्र स्नान के बाद श्रद्धा एवं प्रसन्नता के भाव नजर आए। बंदियों ने कहा, ऐसा अनुभव हुआ जैसे कि वे स्वयं महाकुंभ मेले के पवित्र संगम में आस्था की पवित्र डुबकी लगा रहे हों।

केंद्रीय जेल रायपुर में परिरुद्ध बंदी देवतादिन यादव ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तथा उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा को धन्यवाद देते हुए कहा कि इससे हमें आध्यात्मिक शांति एवं आध्यात्मिक शुद्धि प्राप्त हुई है। वहीं, आजीवन कारावास की सजा प्राप्त बंदी रघुनाथ यादव एवं प्रेमलाल ठेठवार ने कहा कि यह हमारा सौभाग्य है कि जेल में रहकर भी हमें महाकुंभ के स्नान का पुण्य मिला।

सेंट्रल जेल के इस आयोजन में गंगाजल का विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। साथ ही पानी टंकी को फूलों से सजाया गया और उसके बाद गंगाजल को पानी टंकी में समाहित किया गया। इसके बाद कैदियों ने टैंक के जल को मां गंगा को याद करते हुए स्नान किया।

जेल उपमहानिरीक्षक एसएस तिग्गा ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य बंदियों को आध्यात्मिक शुद्धि का अनुभव कराना और उनकी मानसिक स्वास्थ्य में सुधार लाना है। गंगाजल को भारतीय संस्कृति में पवित्र और शुद्धिकरण का प्रतीक माना जाता है। इस अवसर पर जेल अधीक्षक अमित शांडिल्य सहित जेल के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button