छत्तीसगढ़
Trending

नया रायपुर में फर्जी माइनिंग अधिकारी बनकर ट्रक चालकों से वसूली करते दो युवक गिरफ्तार, बाइक और फर्जी दस्तावेज जब्त

आरंग/रायपुर। खुद को खनिज विभाग का अधिकारी बताकर हाईवा और ट्रक चालकों से अवैध वसूली की कोशिश कर रहे दो युवकों को पुलिस ने रंगेहाथ पकड़ा है। गिरफ्तार युवकों के नाम अविनाश शर्मा और विनय यादव हैं, जो नया रायपुर क्षेत्र में वाहनों को रोककर खुद को माइनिंग विभाग का अधिकारी बता रहे थे और चालकों से पैसों की मांग कर रहे थे।

शक होने पर ट्रक चालकों ने दी पुलिस को सूचना
चालकों को दोनों युवकों की गतिविधियां संदिग्ध लगीं क्योंकि उनके पास न तो कोई सरकारी पहचान पत्र था और न ही किसी तरह का परमिशन लेटर। संदेह होने पर चालकों ने तुरंत राखी थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों से पूछताछ की। पहले तो उन्होंने खुद को माइनिंग अधिकारी बताया, लेकिन दस्तावेज दिखाने को कहे जाने पर वे घबरा गए और उनकी सच्चाई सामने आ गई।

कबूल किया फर्जीवाड़ा, बाइक और मोबाइल जब्त
पुलिस ने दोनों को तत्काल हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे सरकारी अधिकारी नहीं हैं और ट्रक चालकों से पैसे वसूलने की नीयत से यह नाटक कर रहे थे। पुलिस ने उनके पास से एक फर्जी दस्तावेज, एक मोबाइल फोन और एक बाइक जब्त की है, जो वसूली में इस्तेमाल की जा रही थी।

फर्जी अधिकारी बनकर कर चुके हैं पहले भी ठगी
प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया है कि ये दोनों आरोपी पहले भी अन्य क्षेत्रों में इसी तरह की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। ये सुनसान सड़कों पर ट्रक चालकों को रोकते थे और खुद को खनिज निरीक्षक बताकर कागज चेक करने के नाम पर पैसे ऐंठते थे। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इनके साथ कोई अन्य साथी भी गिरोह में शामिल है या नहीं।

BNS की कई धाराओं में मामला दर्ज
राखी थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 296 (सार्वजनिक रूप से झूठा दावा करना), 126 (सरकारी पद का झूठा स्वांग), 308, 204 और 3-5 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। इनमें धोखाधड़ी, धमकाने और सरकारी कर्मचारी बनकर ठगी जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं। साथ ही दोनों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button