छत्तीसगढ़रायपुर

7 साल में हर बैठक में बनी सहमति, नहीं हटे खंभे: संकरी सड़कों पर रोज जाम, 3 प्रमुख जगहों से शिफ्टिंग का प्रस्ताव

रायपुर, 16 सितम्बर 2026 राजधानी की प्रमुख सड़कों पर बिजली और सीसीटीवी के खंभे लंबे समय से ट्रैफिक में बाधा बने हुए हैं। इन्हें शिफ्ट करने का प्रस्ताव पिछले 7 साल से सड़क सुरक्षा समिति की बैठकों में रखा जा रहा है। हर बार खंभे हटाने पर सहमति बनी, लेकिन अब तक कार्रवाई नहीं हो सकी। इससे कई जगह सड़क चौड़ीकरण का काम अटका हुआ है और रोज जाम की स्थिति बन रही है।

पिछले महीने हुई सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में भी संतोषी नगर-पचपेड़ीनाका सर्विस रोड, रायपुरा अंडरब्रिज और फुंडहर चौक से खंभे शिफ्ट करने का प्रस्ताव रखा गया। योजना के तहत खंभों को दूसरी जगह लगाने के बाद सड़क को चौड़ा किया जाएगा, जिससे वाहनों की आवाजाही आसान हो सके।

संतोषी नगर-पचपेड़ीनाका में खंभों की आड़ में दुकानें और पार्किंग

रिंग रोड-1 पर संतोषी नगर से पचपेड़ीनाका चौक तक सर्विस रोड के दोनों तरफ बिजली के खंभे लगे हैं। इनके पीछे वाहन खड़े किए जाते हैं और कई जगह दुकानों का सामान सड़क तक आ गया है। इससे सर्विस रोड काफी संकरी हो गई है। अंडरपास के पास इसका असर ज्यादा दिखाई देता है और यहां जाम की स्थिति बनती है।

इस मार्ग से रोज 90 हजार से ज्यादा वाहन गुजरते हैं। खंभों को शिफ्ट करने के बाद सड़क का चौड़ीकरण और डामरीकरण करने की योजना है।

रायपुरा अंडरब्रिज में पार्किंग से बढ़ रही परेशानी

रायपुरा अंडरब्रिज के पास सर्विस रोड पर बिजली के खंभों के पीछे वाहन खड़े किए जाते हैं। इससे सड़क की चौड़ाई कम हो जाती है और सुबह-शाम वाहनों की रफ्तार प्रभावित होती है। पुलिस ने खंभों को हटाकर सड़क को समतल और चौड़ा करने का प्रस्ताव दिया है।

बस स्टैंड नजदीक होने के कारण इस इलाके में वाहनों का दबाव अधिक रहता है। यहां से रोज 92 हजार से अधिक वाहन गुजरते हैं। खंभे हटने के बाद सड़क के साथ बेतरतीब पार्किंग की समस्या को भी नियंत्रित करने की योजना है।

फुंडहर चौक पर लेफ्ट टर्न में खंभे बने बाधा

फुंडहर चौक पर एयरपोर्ट से वीआईपी रोड और वीआईपी रोड से एक्सप्रेस-वे की ओर जाने वाले लेफ्ट टर्न में बिजली और सीसीटीवी कैमरों के बड़े खंभे लगे हैं। इनके कारण वाहन चालक बिना रुके लेफ्ट टर्न नहीं ले पाते।

नवा रायपुर और शहर के बीच बढ़े यातायात के कारण यहां सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक ट्रैफिक का दबाव बना रहता है। इस मार्ग से रोज 80 हजार से अधिक वाहन गुजरते हैं। खंभों को शिफ्ट कर लेफ्ट टर्न को फ्री करने की योजना बनाई गई है।

एमजी रोड से पंडरी तक कई जगह खंभे

एमजी रोड, स्टेशन रोड, भनपुरी, जीई रोड और पंडरी रोड समेत शहर के कई प्रमुख मार्गों पर भी बिजली के खंभे यातायात में बाधा बने हुए हैं। इन्हें दूसरी जगह शिफ्ट करने में आने वाले खर्च के कारण कई प्रस्ताव अब तक आगे नहीं बढ़ पाए हैं।

खंभों की वजह से जहां जाम की समस्या है, ऐसी सड़कों को चिन्हित किया गया है। वहां खंभे हटाकर सड़क का चौड़ीकरण किया जाएगा। इस बार सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में भी इसका प्रस्ताव दिया गया है।
डॉ. अर्चना झा, डीसीपी ट्रैफिक

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button