हाईकोर्ट का ट्रांसफर आदेश जारी: 17 जजों की बदली, अजय सिंह को NIA कोर्ट और ओमप्रकाश जायसवाल को बड़ी जिम्मेदारी

बिलासपुर, 03 जुलाई 2026
छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल कार्यालय ने राज्य की उच्च न्यायिक सेवा के 17 न्यायिक अधिकारियों के तबादले का आदेश जारी किया है। इस फेरबदल में कई जिला एवं सत्र न्यायाधीशों सहित न्यायिक अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
जारी आदेश के अनुसार, अजय सिंह राजपूत को जगदलपुर के प्रथम जिला एवं सत्र न्यायाधीश पद से स्थानांतरित कर स्पेशल जज (NIA कोर्ट), जगदलपुर बनाया गया है। वहीं, ओमप्रकाश जायसवाल को हाईकोर्ट लीगल सर्विस कमेटी के सचिव पद से हटाकर हाईकोर्ट का रजिस्ट्रार (ज्यूडिशियल) नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा सिद्धार्थ अग्रवाल को जगदलपुर में प्रथम अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश, किरण कुमार जांगड़े को प्रथम अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश बलरामपुर-रामानुजगंज तथा विनय कुमार प्रधान को रायपुर में एफटीसी कोर्ट में पदस्थ किया गया है। डमरूधर चौहान को रायपुर में ही दसवें जिला एवं सत्र न्यायाधीश के पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
आदेश के तहत अब्दुल जाहिद कुरैशी को बलौदाबाजार के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश पद से हाईकोर्ट में रजिस्ट्रार (विजिलेंस) बनाया गया है। वहीं, राकेश कुमार वर्मा को छत्तीसगढ़ न्यायिक अकादमी, बिलासपुर में अतिरिक्त निदेशक नियुक्त किया गया है। रूपनारायण पात्रे को हाईकोर्ट लीगल सर्विस कमेटी का नया सचिव बनाया गया है।
इसी तरह विनिता वारनेर को सूरजपुर से बलौदाबाजार का प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश बनाया गया है, जबकि थामस एक्का को सूरजपुर का प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। रायपुर के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश को विशेष न्यायाधीश (एससी/एसटी अत्याचार निवारण) न्यायालय का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
अन्य तबादलों में संगीता नवीन तिवारी, डॉ. मनोज कुमार प्रजापति, अमित राठौर, सुमित कपूर और अमित कुमार कोहली सहित कई न्यायिक अधिकारियों को नई पदस्थापनाएं दी गई हैं। हाईकोर्ट ने सभी तबादला आदेश अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दिए हैं।



