CG में आज का हाल: CM विष्णुदेव साय बस्तर बाढ़ का करेंगे हवाई और जमीनी निरीक्षण, डिप्टी CM अरुण साव लोरमी प्रवास पर, श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन लेंगे समीक्षा बैठक, 10 से ज्यादा जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

रायपुर, 1 सितंबर 2025।सितंबर के पहले दिन छत्तीसगढ़ में राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियों के साथ मौसम का असर भी देखने को मिल रहा है। मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और मंत्रियों के कार्यक्रमों के बीच मौसम विभाग ने कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का बस्तर दौरा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज बस्तर पहुंचकर बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई और जमीनी निरीक्षण करेंगे। वे प्रभावित लोगों से मिलकर हालात का जायजा लेंगे और समीक्षा बैठक में अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देंगे।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव का मुंगेली प्रवास
उपमुख्यमंत्री अरुण साव अपने विधानसभा क्षेत्र लोरमी में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। सुबह 11:30 बजे वे लोरमी में भगवान गणेश की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। इसके बाद वे अन्य स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होकर रायपुर लौटेंगे।
श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन की समीक्षा बैठक
श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन आज सुबह 11 बजे नवा रायपुर के महानदी भवन मंत्रालय में श्रम विभाग की समीक्षा बैठक लेंगे। इस बैठक में जिलों में पदस्थ मैदानी अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।
आज का मौसम: भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने आज रायपुर समेत प्रदेश के 10 से ज्यादा जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। राजधानी में दिनभर बारिश और बादल छाए रहने की संभावना है। वहीं बिलासपुर, कोरबा, दुर्ग, बस्तर, कांकेर, कोंडागांव, सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा और नारायणपुर जिलों में भी जमकर बारिश की संभावना है।



