आज की बड़ी खबर : डोंगरगढ़ समेत 5 रेलवे स्टेशनों का पीएम मोदी करेंगे उद्घाटन, सीएम साय अंबिकापुर में रहेंगे मौजूद, डिप्टी सीएम साव भानुप्रतापपुर-कांकेर दौरे पर, प्रदेश के कई जिलों में बारिश-बिजली का अलर्ट, IPL में गुजरात-लखनऊ की टक्कर आज

रायपुर | 22 मई 2025
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज छत्तीसगढ़ को एक बड़ी सौगात देंगे। ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के तहत डोंगरगढ़, भिलाई, उरकुरा (रायपुर), भानुप्रतापपुर और अंबिकापुर रेलवे स्टेशनों का वर्चुअल उद्घाटन करेंगे। इन स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करते हुए इस तरह विकसित किया गया है कि वे अपने क्षेत्र की संस्कृति और परंपरा को भी दर्शाएं।
रेलवे मंत्रालय की इस योजना का मकसद यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने के साथ ही देशभर के स्टेशनों को नया स्वरूप देना है।
सीएम विष्णुदेव साय अंबिकापुर में लेंगे हिस्सा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज अंबिकापुर प्रवास पर रहेंगे। वे यहां 103 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होंगे, जिसमें प्रधानमंत्री वर्चुअल रूप से जुड़ेंगे।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव भानुप्रतापपुर और कांकेर में
डिप्टी सीएम अरुण साव भानुप्रतापपुर में उद्घाटन समारोह में शिरकत करेंगे। इसके बाद वे चारामा के पुरी में समाधान शिविर और कांकेर में रजिस्ट्री व्यवस्था में हुए बदलावों पर आधारित कार्यशाला में शामिल होंगे।
मौसम: बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी, 4 लोगों की मौत
राज्य में मौसम बदला हुआ है। बुधवार को बिजली गिरने से 4 लोगों की मौत हो गई—बलरामपुर में पिता-पुत्र सहित 3 की और MCB जिले में एक ग्रामीण की जान गई। मौसम विभाग ने प्रदेश के 10 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। आने वाले 4 दिनों तक बारिश, तूफान और बिजली गिरने की संभावना है।
दुर्ग का तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर सबसे ठंडा रहा जहां न्यूनतम तापमान 23.7 डिग्री सेल्सियस रहा।
जहां बारिश के ज्यादा आसार:
गौरेला, सूरजपुर, बलरामपुर, सरगुजा, जशपुर, कोन्डागांव, बस्तर, सुकमा, बीजापुर, नारायणपुर।
जहां कुछ हिस्सों में बारिश संभव:
कांकेर, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, कोरिया, कोरबा, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, मुंगेली, शक्ति, सारंगढ़, रायगढ़।
जहां छिटपुट बारिश के आसार:
कबीरधाम, दुर्ग, खैरागढ़, राजनांदगांव, मोहला-मानपुर, बालोद, बेमेतरा, रायपुर, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदाबाजार।
IPL अपडेट: गुजरात और लखनऊ आमने-सामने
IPL में आज गुजरात और लखनऊ के बीच अहम मुकाबला होगा। गुजरात पहले ही प्लेऑफ में जगह बना चुका है, जबकि लखनऊ टूर्नामेंट से बाहर हो चुका है। यह मैच नरेंद्र मोदी स्टेडियम, अहमदाबाद में शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा।



