छत्तीसगढ़

खैरागढ़ में पुलिस की बड़ी लापरवाही, 7 करोड़ 20 लाख का सोना छोड़ने पर तीन पुलिसकर्मी निलंबित

खैरागढ़। छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले के गातापार पुलिस चेकिंग पॉइंट पर शनिवार देर रात 7 करोड़ 20 लाख रुपए का कच्चा सोना जब्त किया गया था। लेकिन बड़ी लापरवाही और कथित कमीशनखोरी के चलते पुलिसकर्मियों ने कार व सोना छोड़ दिया। अब मामले में एसपी लक्ष्य शर्मा ने कड़ा कदम उठाते हुए थाना प्रभारी आलोक साहू, एसआई नंदकिशोर वैष्णव और प्रधान आरक्षक तैजान ध्रुव को निलंबित कर दिया है।

जानकारी के मुताबिक, मध्यप्रदेश से आ रही एक कार को गातापार चेकिंग पॉइंट पर रोका गया था। जांच में कार की सीट से करीब 10 किलो कच्चा सोना मिला, जिसकी कीमत 7.20 करोड़ रुपए आंकी गई। कार सवार लोग सोने के संबंध में कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाए। पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह सोना रायपुर के एक व्यापारी का है और महाराष्ट्र से मध्यप्रदेश होते हुए छत्तीसगढ़ लाया जा रहा था।

बिना सूचना गाड़ी छोड़ी, बड़े लेन-देन की आशंका

पुलिस सूत्रों के अनुसार, कार को चेकिंग पॉइंट पर लंबे समय तक रोके रखा गया। इस दौरान कुछ स्थानीय व्यापारी भी वहां पहुंचे। आरोप है कि थाना प्रभारी ने उच्चाधिकारियों को सूचना दिए बिना मात्र 2 हजार रुपए का चालान काटकर गाड़ी छोड़ दी।

मामले को गंभीरता से लेते हुए खैरागढ़ एसपी लक्ष्य शर्मा ने तत्काल तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। शुरुआती जांच में बड़े लेन-देन और सांठगांठ की आशंका जताई जा रही है। पुलिस अब गाड़ी के नंबर के आधार पर आगे की जांच कर रही है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button