छत्तीसगढ़

लेनदारों के दबाव और 50 लाख के कर्ज से परेशान था पूर्व स्कूल संचालक: कोरबा में पेड़ पर लटका मिला शव, 19 पन्नों का नोट बरामद

कोरबा, 19 नवंबर 2026। जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र में जेंजरा बाईपास के पास एक पूर्व स्कूल संचालक का शव पेड़ पर फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान ग्राम ढेलवाडीह निवासी शिवचरण साहू (36) के रूप में हुई है। पुलिस को उसकी जेब से 19 पन्नों के सुसाइड नोट की फोटोकॉपी मिली है। इसमें नौकरी लगवाने के नाम पर करीब 50 लाख रुपए के लेन-देन, बिचौलिए की मौत के बाद रकम फंसने और कर्ज बढ़ने का जिक्र किया गया है।

जानकारी के मुताबिक, शिवचरण ने कोरोना काल में एक स्कूल शुरू किया था, लेकिन आर्थिक नुकसान के चलते उसे बंद करना पड़ा। इसके बाद से ही वह आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। इसी दौरान उसने कुछ लोगों से नौकरी लगवाने के नाम पर पैसे लिए थे। इस काम में एक बिचौलिया भी शामिल था।

बिचौलिए की मौत के बाद फंस गई 50 लाख की रकम

पुलिस को मिले सुसाइड नोट के मुताबिक, नौकरी लगवाने के नाम पर लोगों से करीब 50 लाख रुपए लिए गए थे। कोरोना काल में बिचौलिए की मौत हो जाने के बाद यह रकम फंस गई। इसके चलते शिवचरण पर कर्ज बढ़ता चला गया। नोट में उसने लेनदारों पर लगातार दबाव बनाने और परेशान करने का आरोप भी लगाया है।

बताया जा रहा है कि सुसाइड नोट में कई लोगों के नाम और पैसों के लेन-देन का हिसाब भी दर्ज है। चर्चा है कि इसकी मूल कॉपी कोरबा एसपी को भेजी गई है। हालांकि, नोट में लिखी बातों की पुलिस जांच कर रही है।

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतारकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। कटघोरा थाना प्रभारी राजेश तिवारी के मुताबिक, जेंजरा बाईपास के पास युवक का शव मिला है। उसके पास से सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें कर्ज और आर्थिक परेशानी का उल्लेख है।

पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल सुसाइड नोट में किए गए दावों और पैसों के लेन-देन की पड़ताल की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मामले की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button