
कोरबा। टीपी नगर स्थित कामर्शियल काम्पलेक्स के ऊपरी तल के एक कपड़ा दुकान में शार्ट सर्किट की वजह से आग लग गई। जिससे दुकान में कार्यरत कर्मियों व ग्राहकों में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने भीषण रुप धारण कर लिया और नीचे तल पर संचालित दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। लगभग एक दर्जन से अधिक दुकानें जलकर खाक हो गई। आगजनी की इस घटना में तीन लोगों की मौत हो गई है। वहीं कुछ लोगों ने ऊपरी तल से छलांग मारकर अपनी जान बचाई। अपनी जान बचाने के लिए कूदने के दौरान कई लोग गंभीर रुप से घायल हो गए हैं जिन्हें उपचार के लिए मेडिकल कालेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलने पर दमकल व एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू कर आग में फंसे लोगों को बाहर निकाला। घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आगजनी की इस घटना में दुकान संचालकों को करोड़ों का नुकसान उठाना पड़ा है।कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत टीपी नगर स्थित कामर्शियल काम्पलेक्स के ऊपरी तल में संचालित साहेब कलेक्शन नामक एक कपड़ा दुकान में शार्ट सर्किट की वजह से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रुप धारण कर लिया और ऊपर से नीचे काम्पलेक्स के अन्य दुकानों तक पहुंच गई। इस दौरान ऊपर भीषण आग में दुकान के कर्मचारी और आम लोग फंस गये थे। जिन्हे निकालने और आग पर काबू पाने के लिए दमकल को बुलाया गय लेकिन दमकल पहुंचने से पहले ही आग की लपटे और जहरीले धुंए से परेशान लोगों ने अपनी जान बचाने के लिए काम्पलेक्स के पहली मंजिल की खिड़की से नीचे कूदकर जान बचाना शुरु कर दिया। सूचना मिलने पर कलेक्टर और एसपी मौके पर पहुंचे। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में दमकल की टीम द्वारा रेस्क्यू आपरेशन चलाकर काम्पलेक्स के उपरी हिस्सा में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया और उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान चिरमिरी निवासी रश्मि सिंह, करुमौहा निवासी शत्रुहन व पामगढ़ निवासी देवेंद्र कुमार की मौत हो गई है।




