छत्तीसगढ़
Trending

जगरगुंडा में नक्सल प्रभावित क्षेत्र को मिली नई पहचान: मुख्यमंत्री ने किया इंडियन ओवरसीज बैंक शाखा का वर्चुअल उद्घाटन, 12 गांवों के 14 हजार ग्रामीणों को मिलेगा बैंकिंग सुविधा का लाभ

00डबल इंजन सरकार के प्रयासों से बस्तर में स्थापित हो रही शांति00

रायपुर, 18 मई 2025 – लंबे समय से नक्सल समस्या से प्रभावित छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के जगरगुंडा क्षेत्र में विकास की एक नई शुरुआत हुई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज वर्चुअल माध्यम से जगरगुंडा में इंडियन ओवरसीज बैंक की शाखा का उद्घाटन किया। इस शाखा के खुलने से आसपास के 12 गांवों के लगभग 14 हजार लोगों को बैंकिंग सुविधा का लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि यह दिन इस क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा कि पिछले डेढ़ वर्षों में राज्य की डबल इंजन सरकार ने बस्तर में शांति स्थापित करने की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति की है। यही कारण है कि अब जगरगुंडा जैसे दूरस्थ और अति संवेदनशील क्षेत्र में भी बैंकिंग जैसी आवश्यक सुविधाएं शुरू हो रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की सुरक्षा, विकास और विश्वास की नीति के चलते अब बस्तर विकास की मुख्यधारा में शामिल हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के तहत सभी ग्राम पंचायतों में बैंकिंग सुविधा उपलब्ध कराने का लक्ष्य तय किया गया है। इसी क्रम में 24 अप्रैल को राष्ट्रीय पंचायत दिवस के अवसर पर राज्य के प्रत्येक विकासखंड की 10-10 ग्राम पंचायतों में कुल 1460 अटल पंचायत डिजिटल सेवा केंद्र प्रारंभ किए गए हैं, जहां ग्रामीणों को बैंकिंग सहित अन्य डिजिटल सेवाएं मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले एक वर्ष में राज्य की सभी ग्राम पंचायतों तक यह सुविधा विस्तारित कर दी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने ‘सुशासन तिहार’ की भी जानकारी दी और बताया कि इस आयोजन के दौरान उन्होंने स्वयं सेवा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया है। उन्होंने कहा कि अब ग्रामीणों को तेंदूपत्ता बोनस, किसान सम्मान निधि और अन्य योजनाओं की राशि घर के पास ही मिल रही है।

इस अवसर पर राज्य के वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि जब वे वर्ष 2001 में दंतेवाड़ा के कलेक्टर थे, तब यह क्षेत्र अत्यधिक नक्सल प्रभावित था। उसी दौरान नक्सलियों ने इस भवन में स्थित ग्रामीण बैंक को लूटने का प्रयास किया था। आज उसी भवन में इंडियन ओवरसीज बैंक की शाखा खुलना इस बात का प्रतीक है कि क्षेत्र अब बदल रहा है और विकास की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने शाखा परिसर का निरीक्षण किया और स्वयं बैंक में खाता भी खोला। उनके साथ छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की सदस्य दीपिका सोरी ने भी अपना खाता खुलवाया।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव वर्चुअल रूप से कार्यक्रम से जुड़े। शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान सुकमा कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव, जिला पंचायत सीईओ नम्रता जैन, और इंडियन ओवरसीज बैंक के रीजनल मैनेजर गौरीशंकर नायक सहित कई अधिकारी उपस्थित थे।

बैंक शाखा के साथ-साथ एटीएम की सुविधा भी ग्रामीणों के लिए शुरू की गई है, जिससे उन्हें नगद निकासी के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। यह पहल न केवल आर्थिक समावेशन की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि है, बल्कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सरकार की मौजूदगी और विकास के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक भी है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button