बस्तर में विकास की पटरी पर नई रफ्तार: केंद्र सरकार ने दी रावघाट-जगदलपुर नई रेल लाइन को मंजूरी, सांसद महेश कश्यप की पहल लाई रंग

जगदलपुर, 15 मई 2025। आजादी के 78 वर्षों बाद बस्तर को केंद्र सरकार से बड़ी सौगात मिली है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बस्तर सांसद महेश कश्यप को पत्र लिखकर रावघाट से जगदलपुर तक प्रस्तावित नई रेल लाइन को स्वीकृति मिलने की जानकारी दी है। यह महत्वाकांक्षी परियोजना लंबे समय से लंबित थी, जिसे अब औपचारिक मंजूरी दे दी गई है।
बस्तर सांसद महेश कश्यप ने क्षेत्र की रेल सुविधाओं में सुधार के लिए लगातार प्रयास किए। 3 जुलाई 2024 को उन्होंने रेल मंत्री को पत्र लिखकर इस रेल परियोजना की मांग की थी। इसके साथ ही संसद में भी इस मुद्दे को उठाया और व्यक्तिगत रूप से रेल मंत्री से मुलाकात कर बस्तर की जनभावनाओं से उन्हें अवगत कराया।
रेल मंत्री ने सांसद के आग्रह को गंभीरता से लेते हुए अब आधिकारिक पत्र भेजकर नई रेल लाइन की स्वीकृति की सूचना दी है।
इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर प्रतिक्रिया देते हुए सांसद महेश कश्यप ने कहा,
“मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को नमन करता हूँ, जिन्होंने आज़ादी के 78 साल बाद बस्तर को रेल का तोहफा दिया है। यह मेरे लिए गर्व और सौभाग्य की बात है कि उन्होंने मुझे पत्र लिखकर इसकी जानकारी दी। उनके संवेदनशील दृष्टिकोण को मैं बारंबार नमन करता हूँ।”
रावघाट-जगदलपुर रेल लाइन से बस्तर को न सिर्फ बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी, बल्कि क्षेत्र के औद्योगिक, आर्थिक और सामाजिक विकास को भी नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है। स्थानीय लोगों को रोजगार और व्यापार के नए अवसर मिलेंगे, साथ ही बस्तर के सुदूर इलाकों को भी मुख्यधारा से जोड़ने में यह परियोजना मील का पत्थर साबित होगी।



