छत्तीसगढ़

नशे में स्कूल पहुंचा शिक्षक: VIDEO वायरल, ग्रामीणों ने BEO से की शिकायत

सूरजपुर, 25 जुलाई 2026

जिले के प्रतापपुर विकासखंड के पहाड़करवां स्थित प्राथमिक शाला में पदस्थ एक शिक्षक के शराब के नशे में स्कूल पहुंचने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा तैयार किया और विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) से शिकायत कर संबंधित शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, शिक्षक नशे की हालत में स्कूल पहुंचे थे। वायरल वीडियो में वह लड़खड़ाते हुए दिखाई दे रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि शिक्षक स्कूल में उपस्थिति दर्ज कराने के लिए मोबाइल में लोकेशन तलाशते नजर आए, लेकिन नशे की वजह से उनकी हालत ठीक नहीं थी। शिक्षक की इस स्थिति की सूचना मिलते ही सरपंच और ग्रामीण स्कूल पहुंचे और पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया।

ग्रामीणों का कहना है कि शिक्षक की इस तरह की लापरवाही से स्कूल की शैक्षणिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है। बच्चों की नियमित पढ़ाई बाधित हो रही है और अभिभावकों में भी नाराजगी बढ़ रही है। ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी शिक्षक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।

शिकायत मिलने के बाद विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) ने मामले की जांच कराने और जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। फिलहाल सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो चर्चा का विषय बना हुआ है, जबकि शिक्षा विभाग पूरे मामले की जांच में जुट गया है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button