छत्तीसगढ़
Trending

बैडमिंटन कोर्ट में डेमो देने पहुंचे खिलाड़ी की संदिग्ध मौत, हार्ट अटैक की आशंका

रायपुर। राजधानी रायपुर स्थित सप्रे शाला जिला बैडमिंटन कोर्ट से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। आज सुबह एक 35 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान भिलाई सेक्टर-04 निवासी हिमांशु श्रीवास्तव के रूप में हुई है, जो हाल ही में अपनी पत्नी के साथ रायपुर में रह रहा था।

मिली जानकारी के अनुसार, हिमांशु सुबह 8 से 9 बजे के बीच बैडमिंटन कोर्ट पहुंचा था। वह पहली बार सप्रे बैडमिंटन एकेडमी आया था और इस बैच में एडमिशन लेने के लिए डेमो खेलने की इच्छा जताई थी। खिलाड़ियों ने उसकी बात स्वीकार की और वह कुछ देर तक कोर्ट में खेला भी। इसके बाद वह थककर कोर्ट के बाहर आकर बैठ गया और अचानक ही जमीन पर गिर पड़ा।

मौके पर मौजूद खिलाड़ियों ने तुरंत उसे डॉ. भीमराव अंबेडकर अस्पताल (मेकाहारा) पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक आशंका है कि युवक की मौत हार्ट अटैक से हुई है, लेकिन फिलहाल इसे संदिग्ध माना जा रहा है।

कोतवाली थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि मौत का असली कारण क्या था।

इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना से बैडमिंटन कोर्ट में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। खिलाड़ी और स्थानीय लोग युवक की अचानक हुई मौत से स्तब्ध हैं।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button