
रायपुर, 23 जुलाई 2026
आज रायपुर नगर पालिक निगम के आयुक्त संबित मिश्रा ने नगर निगम मुख्यालय महात्मा गांधी सदन के तृतीय तल सभाकक्ष में साप्ताहिक टीएल बैठक लेकर विभिन्न कार्यों एवं योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
आयुक्त संबित मिश्रा ने सभी जोन कमिश्नरों को अपने-अपने वार्डों में अवैध निर्माण, अवैध प्लाटिंग और अवैध कॉलोनियों का सर्वे कर चिन्हित करने तथा नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही मुख्य मार्गों पर बिना पार्किंग व्यवस्था संचालित व्यावसायिक परिसरों का सर्वे कर रिपोर्ट तैयार करने और नियमानुसार कार्रवाई का प्रस्ताव प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने कैच द रैन अभियान के तहत सभी वार्डों में अधिक से अधिक रैन वाटर हार्वेस्टिंग कार्य कराने और इसके लिए जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए।
आयुक्त संबित मिश्रा ने सीएम हेल्पलाइन, मुख्यमंत्री जनदर्शन, कलेक्टर कॉल सेंटर, निदान 1100 तथा जनप्रतिनिधियों से प्राप्त पत्रों एवं सभी जन शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व वसूली को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी जोन कमिश्नरों और सहायक राजस्व अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुसार वसूली तेज करने के लिए कहा।
बैठक में अधिकारियों को बताया गया कि 30 सितंबर 2026 तक वित्तीय वर्ष 2026-27 का संपत्तिकर जमा करने पर नागरिकों को 5 प्रतिशत की छूट का लाभ मिलेगा। आयुक्त ने इस योजना का अधिक से अधिक प्रचार कर संपत्तिकर वसूली बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही बड़े बकायेदारों के खिलाफ कुर्की और सीलबंदी जैसी सख्त कार्रवाई कर बकाया राजस्व वसूलने के निर्देश भी दिए।
आयुक्त संबित मिश्रा ने सभी जोनों में अवैध नल नियमितिकरण अभियान को प्रभावी ढंग से चलाने, नागरिकों को इसकी जानकारी देने और प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार नियमितिकरण की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए।
बैठक में कचरा फैलाने, गंदगी करने, ग्रीन नेट लगाए बिना निर्माण कार्य करने, सी एंड डी वेस्ट के अनुचित निस्तारण तथा सड़क पर अतिक्रमण करने वालों पर ई-चालान के माध्यम से जुर्माना लगाने के निर्देश भी दिए गए।
इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्माणाधीन आवासों को शीघ्र पूरा कराने तथा बीएलसी घटक के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों के मकानों के लिए भवन अनुज्ञा स्वीकृत कर निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने और पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।
साप्ताहिक टीएल बैठक में अपर आयुक्त लोकेश्वर साहू, पंकज के. शर्मा, विनोद पाण्डेय, कृष्णा खटीक, मुख्य अभियंता संजय बागडे, अधीक्षण अभियंता राजेश राठौर, इमरान खान, नगर निवेशक आभास मिश्रा, सभी उपायुक्त, जोन कमिश्नर, कार्यपालन अभियंता, सहायक अभियंता तथा विभिन्न विभागों के प्रभारी अधिकारी उपस्थित रहे।



