रामदास अठावले की मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात, सामाजिक योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर हुई चर्चा

रायपुर, 1 जुलाई 2025 | केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास अठावले ने आज रायपुर स्थित मंत्रालय महानदी भवन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच सामाजिक और शैक्षणिक रूप से पिछड़े वर्गों, वृद्धजनों तथा दिव्यांगजनों के कल्याण के लिए संचालित योजनाओं को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि राज्य सरकार केंद्र प्रवर्तित योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए सतत प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय से जुड़ी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करना राज्य की प्राथमिकता है, ताकि समाज के कमजोर वर्गों को उनका अधिकार मिल सके।
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री अठावले का शॉल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। अठावले ने छत्तीसगढ़ सरकार की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार समाज के वंचित वर्गों के लिए उल्लेखनीय कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर समाज के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध हैं।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के वन मंत्री केदार कश्यप भी मौजूद थे।



