Raipur News: गणेश विसर्जन के दौरान शीतला तालाब में डूबने से युवक की मौत, परिजनों में शोक और आक्रोश

रायपुर। राजधानी रायपुर में गणेश विसर्जन के दौरान एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। खमतराई इलाके के शीतला तालाब में देर रात 22 वर्षीय युवक राव सिंह भाटी की डूबने से मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, खमतराई क्षेत्र की गणेश उत्सव समिति के सदस्य देर रात गणपति विसर्जन के लिए तालाब पहुंचे थे। इसी दौरान राव सिंह भाटी पानी में उतरे लेकिन कुछ देर बाद बाहर नहीं निकल पाए। साथियों ने काफी कोशिश की लेकिन उन्हें ढूंढ नहीं सके।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से खोजबीन शुरू की गई। फिलहाल शव की तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम का इंतजार किया जा रहा है।
स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम का दावा किया था, लेकिन इस हादसे ने इन दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में गहरा शोक और आक्रोश का माहौल है।



