छत्तीसगढ़
Trending

प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना: पहाड़ी कोरवा परिवारों को मिला पक्का आशियाना, शिवराज सिंह और विष्णु देव साय ने पाँव पखारकर किया सम्मानित

प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना: पहाड़ी कोरवा परिवारों को मिला पक्का आशियाना, शिवराज सिंह और विष्णु देव साय ने पाँव पखारकर किया सम्मानित

अम्बिकापुर, 13 मई 2025।
प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के तहत आज एक ऐतिहासिक और भावनात्मक दृश्य सामने आया जब केंद्रीय कृषि एवं पंचायत मंत्री शिवराज सिंह चौहान, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और अन्य मंत्रियों ने विशेष पिछड़ी जनजाति के हितग्राहियों के पांव पखारकर उनका गृह प्रवेश कराया। अम्बिकापुर में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश के 51 हजार हितग्राहियों को आवास की चाबी सौंपी गई।

जशपुर जिले के ग्राम पंडरापाठ की रहने वाली पहाड़ी कोरवा महिला फूलो बाई और सरगुजा जिले के ग्राम ढेलवाडाँड़ के शनी राम कोरवा जैसे कई हितग्राही इस ऐतिहासिक दिन को अपनी जिंदगी की सबसे बड़ी उपलब्धि मान रहे हैं। फूलो बाई ने कहा, “हमारे जीवन में कभी किसी ने सुध नहीं ली। अब हमें न केवल पक्का घर मिल रहा है, बल्कि हमारे पाँव पखारकर हमें सम्मान भी मिल रहा है।”

फूलो बाई ने बताया कि उनके पति की असमय मृत्यु के बाद जीवन कठिन हो गया था, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इस योजना ने उन्हें फिर से जीने की आशा दी है। अब उनके पास मकान है, गाँव तक पक्की सड़क है, साफ पानी है, और आयुष्मान कार्ड के माध्यम से इलाज की सुविधा भी मिल रही है।

शनी राम कोरवा ने भी साझा किया कि उनकी कई पीढ़ियाँ जंगल के किनारे घास-फूस के घरों में रहीं, लेकिन अब नल-जल, बिजली और पक्के मकान जैसी सुविधाएं मिलने लगी हैं। उन्होंने कहा, “हमारे पांव पखारकर जो सम्मान दिया गया, वह हमारे बच्चों की तकदीर बदलने की शुरुआत है।”

इस कार्यक्रम ने न केवल योजनाओं के प्रभाव को जमीन पर दिखाया, बल्कि यह भी सिद्ध किया कि सरकार वास्तव में अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचकर उसे सम्मान और अधिकार दोनों दे रही है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button