छत्तीसगढ़
Trending

बीजापुर में राष्ट्रीय न्यूज चैनल के पत्रकार मुकेश चंद्राकर 1 जनवरी से लापता: नक्सली इलाके में ठेकेदारों और नक्सलियों की साजिश का शक, बस्तर के पत्रकारों ने की पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग

जगदलपुर, 03 जनवरी 2025| बीजापुर जिले में कार्यरत एक राष्ट्रीय न्यूज चैनल के पत्रकार मुकेश चंद्राकर 1 जनवरी से लापता हैं। नक्सल प्रभावित इलाके में पत्रकार का इस तरह से गायब होना राज्य सरकार और पत्रकार समुदाय के लिए गंभीर चिंता का विषय बन गया है।

मुकेश के बड़े भाई युकेश चंद्राकर ने उनके लापता होने की शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने कुछ ठेकेदारों पर संदेह जताया है, जिनके खिलाफ मुकेश ने हाल ही में भ्रष्टाचार से जुड़ी खबर चलाई थी। यह खबर गंगालूर से मीरतूर तक 120 करोड़ की लागत से बन रही 45 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण में घोटाले को लेकर थी।

नक्सलियों और ठेकेदारों पर संदेह

युकेश चंद्राकर ने आरोप लगाया कि ठेकेदारों ने नक्सलियों के साथ मिलकर इस घटना को अंजाम दिया हो सकता है। उन्होंने कहा कि नक्सल प्रभावित इलाके में ठेकेदार और नक्सली अक्सर सांठगांठ कर विकास कार्यों को अंजाम देते हैं।

स्थानीय पत्रकारों ने भी इस घटना पर गहरी चिंता व्यक्त की है। बस्तर के वरिष्ठ पत्रकार अर्जुन झा, महेंद्र महापात्र, नवीन गुप्ता, स्वरूप राज, एफआर साहू, रवि पटनायक और योगेश पाणिग्रही ने बस्तर रेंज के आईजी सुंदर राज पी से अपील की है कि मुकेश चंद्राकर की जल्द से जल्द रिहाई सुनिश्चित की जाए।

पुलिस की कार्रवाई जारी

बीजापुर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित की है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक युगलैंडन यार्क के नेतृत्व में थाना प्रभारी दुर्गेश शर्मा और अन्य अधिकारियों की एक टीम मुकेश चंद्राकर की तलाश में जुटी है।

पुलिस ने बताया कि मुकेश चंद्राकर के संपर्क में रहने वाले सभी व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है। उनका कहना है कि हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं ताकि मुकेश को सुरक्षित खोजा जा सके।

सरकार और प्रशासन के लिए चुनौती

यह घटना न केवल प्रशासनिक अधिकारियों के लिए बल्कि राज्य सरकार के लिए भी एक बड़ी चुनौती है। बस्तर संभाग जैसे संवेदनशील क्षेत्र में काम करने वाले पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर नए सिरे से चर्चा शुरू हो गई है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए राज्य सरकार और प्रशासन से इस मामले में त्वरित कार्रवाई की उम्मीद की जा रही है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button