छत्तीसगढ़ के दिव्यांगों के लिए बड़ी पहल: नारायण सेवा संस्थान का निःशुल्क कृत्रिम अंग माप शिविर 13 अप्रैल को रायपुर में, मिलेगा नया जीवन और आत्मनिर्भरता का संबल

रायपुर, 11 अप्रैल 2025 छत्तीसगढ़ के दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण और आत्मनिर्भर जीवन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त नारायण सेवा संस्थान द्वारा निःशुल्क नारायण आर्टिफिशियल लिम्ब माप शिविर का आयोजन रविवार 13 अप्रैल को जैन दादा बाड़ी, एम.जी. रोड, रायपुर में किया जा रहा है। यह शिविर सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा।
संस्थान के मीडिया एवं जनसंपर्क निदेशक भगवान प्रसाद गौड़ ने बताया कि यह शिविर उन दिव्यांगों के लिए है, जिन्होंने हादसों या बीमारियों के चलते अपने हाथ-पैर गंवा दिए हैं, या फिर पुराने भारी और असुविधाजनक कृत्रिम अंगों के कारण जीवन में तकलीफें झेल रहे हैं। संस्थान उन्हें उच्च गुणवत्ता वाले, हल्के और टिकाऊ नारायण लिम्ब प्रदान करेगा।
शिविर में संस्थान की विशेषज्ञ डॉक्टर्स टीम द्वारा माप लेकर कृत्रिम अंगों की कास्टिंग की जाएगी, जिनका वितरण लगभग दो माह बाद आयोजित होने वाले शिविर में किया जाएगा। बीते वर्ष मुख्यमंत्री की उपस्थिति में 850 दिव्यांगों को कृत्रिम अंग लगाए गए थे।
शिविर में आने वाले लाभार्थियों और उनके परिजनों को निःशुल्क भोजन, चाय व अल्पाहार की व्यवस्था भी रहेगी। शिविर सह-समन्वयक भरत पालीवाल ने बताया कि इस आयोजन के लिए रायपुर के सम्मानित नागरिकों और जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भगवान प्रसाद गौड़, आश्रम प्रभारी हेमंत कुमार और संयोजक भरत पालीवाल ने शिविर का पोस्टर जारी किया और दिव्यांगजनों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की।
शिविर में आने वाले दिव्यांगजन अपने साथ आधार कार्ड, विकलांगता प्रमाण पत्र और दो पासपोर्ट साइज फोटो अवश्य लाएं।
अधिक जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 70235-09999 पर संपर्क किया जा सकता है।
नारायण सेवा संस्थान 1985 से मानव सेवा के क्षेत्र में कार्यरत है। संस्थापक कैलाश मानव को पद्मश्री से सम्मानित किया गया है और अध्यक्ष प्रशांत अग्रवाल लाखों दिव्यांगों को मुख्यधारा में लाने का कार्य कर चुके हैं। संस्थान अब तक 40 हजार से अधिक कृत्रिम अंग वितरित कर चुका है और छत्तीसगढ़ के दिव्यांगों को नई उम्मीद देने के लिए तत्पर है।



