Monsoon Alert: बिजली गिरने से 3 की मौत, बिलासपुर में आधा शहर अंधेरे में; 1 जुलाई से तेज होगी बारिश

रायपुर | 30 जून 2026
छत्तीसगढ़ में अगले 24 घंटे तक हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मंगलवार सुबह रायपुर के कई इलाकों में तेज बारिश हुई, जबकि सोमवार शाम बिलासपुर में आंधी-तूफान के साथ हुई मूसलाधार बारिश से कई क्षेत्रों में जलभराव और बिजली व्यवस्था प्रभावित हो गई। मौसम विभाग ने 1 जुलाई से पूरे प्रदेश में बारिश की गतिविधियां तेज होने का अनुमान जताया है।
सरगुजा में बिजली गिरने से 3 की मौत
सरगुजा जिले के डुमकी गांव में आकाशीय बिजली गिरने से दो बच्चों और एक युवक की मौत हो गई। हादसे के समय सागर (5), रानी (9) और राम साय (36) आम बीनने के लिए पेड़ के नीचे खड़े थे। अचानक बिजली गिरने से तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, 12 वर्षीय श्रद्धा गंभीर रूप से झुलस गई, जिसका अस्पताल में उपचार जारी है।
बिलासपुर में आंधी-तूफान से भारी नुकसान
बिलासपुर में तेज आंधी के दौरान कलेक्टर बंगले के पास एक विशाल पेड़ कार पर गिर गया, जिससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि कार सवार सुरक्षित रहे। पेड़ गिरने से बिजली के तार टूट गए और आसपास के इलाके की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
तेज बारिश के कारण 11 केवी और 33 केवी बिजली लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं। कई इंसुलेटर फट गए और एक करंट ट्रांसफार्मर ब्लास्ट होने से आधे शहर में घंटों तक बिजली गुल रही। कलेक्टर, कमिश्नर और विधायक के वीआईपी इलाकों में भी देर रात तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी।
प्रदेश में अब तक 66% कम बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, 30 जून तक छत्तीसगढ़ में सामान्य रूप से 178.4 मिमी बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन अब तक केवल 60.02 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। यानी प्रदेश में फिलहाल करीब 66 प्रतिशत कम बारिश हुई है।
1 जुलाई से तेज होगा मानसून
मौसम विभाग ने अगले एक सप्ताह तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई है। लोगों को खराब मौसम के दौरान पेड़ों और खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
कई जिलों में अभी मानसून की आधिकारिक एंट्री बाकी
मानसून रायपुर, दुर्ग, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा, बीजापुर समेत 18 से अधिक जिलों में पहुंच चुका है। वहीं सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर, जशपुर, कोरबा, बिलासपुर, मुंगेली, जांजगीर-चांपा, सक्ती, सारंगढ़-बिलाईगढ़ और रायगढ़ सहित कई जिलों में अगले 48 घंटे के भीतर मानसून के पहुंचने की संभावना है।
सबसे अधिक वर्षा की कमी वाले जिले
- राजनांदगांव: 92% कम बारिश
- मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी: 95% कमी
- बलौदाबाजार: 83% कमी
- सारंगढ़-बिलाईगढ़: 83% कमी
- सक्ती: 83% कमी
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और बिजली चमकने के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।



