सेंदुरखार में विकास का शंखनाद: विधायक भावना बोहरा ने किए करोड़ों के भूमिपूजन-लोकार्पण, वनांचलवासियों को मिली बड़ी राहत

कवर्धा, 26 मई 2026। पंडरिया विधानसभा के वनांचल क्षेत्रों में विकास कार्यों को नई गति देते हुए विधायक भावना बोहरा ने ग्राम सेंदुरखार में 1 करोड़ 57 लाख 15 हजार रुपए की लागत से विभिन्न विकास और अधोसंरचना कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। कार्यक्रम के दौरान सीसी रोड, सामुदायिक भवन, सांस्कृतिक मंच और 5 नए तालाब निर्माण कार्यों की सौगात ग्रामीणों को मिली।
विधायक भावना बोहरा ने मध्यक्षेत्र विकास प्राधिकरण के अंतर्गत ग्राम अंजवाईनबाह, मराडबरा, बोहिल, सारपानी, धुरसी, पुटपुटा, बिरैनबाह, बिरहुलडीह, रोखनी और नेऊर में सीसी रोड निर्माण कार्यों का भूमिपूजन व लोकार्पण किया। वहीं ग्राम कुशियारी और सेंदुरखार में सामुदायिक भवन तथा नेऊर में सांस्कृतिक मंच निर्माण कार्य की शुरुआत की गई। इसके साथ ही मनरेगा अंतर्गत ग्राम पिपरहा, छिंदीडीह, कड़मा, भेलकी और नेऊर में नए तालाब निर्माण कार्यों का भूमिपूजन भी किया गया।

इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने कहा कि भाजपा सरकार वनांचल क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सड़क, पेयजल, सिंचाई, आवास और सामुदायिक अधोसंरचना के विस्तार से ग्रामीण जीवन में सकारात्मक बदलाव आ रहा है। तालाब निर्माण से जल संरक्षण और कृषि को लाभ मिलेगा, जबकि सामुदायिक भवन और सांस्कृतिक मंच सामाजिक गतिविधियों को मजबूती देंगे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi और मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai के नेतृत्व में वनांचल क्षेत्रों तक विकास की किरण पहुंच रही है। पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में पहले विकास नहीं पहुंच पाया था, वहां आज भाजपा सरकार मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करा रही है।
विधायक ने बताया कि पीएम जनमन योजना के तहत 171 किलोमीटर से अधिक पक्की सड़क, 4 उच्चस्तरीय पुल, 10 पुलिया, 3500 नए पीएम आवास, महीडबरा जलाशय योजना, पुटपुटा एवं कौआनार व्यपवर्तन योजना सहित कई महत्वपूर्ण कार्यों को स्वीकृति मिली है। इसके अलावा 27 आंगनबाड़ी भवन निर्माण, कुई-कुकदुर में शासकीय महाविद्यालय भवन, विद्युत विहीन गांवों तक बिजली पहुंचाने और नल जल योजनाओं के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराने के कार्य भी जारी हैं।

उन्होंने कहा कि वनांचल क्षेत्र की बेटियों की शिक्षा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आगामी सत्र से कुई-कुकदुर महाविद्यालय के लिए निःशुल्क बस सेवा शुरू की जाएगी। साथ ही ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए निःशुल्क एम्बुलेंस और मोबाइल हेल्थ पैथ लैब का संचालन भी किया जा रहा है।
कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, सरपंच, जनपद सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


