धरसींवा में बच्चों के सुनहरे भविष्य की नींव रखी गई : विधायक अनुज शर्मा ने किया यूनिवर्सल पब्लिक स्कूल का भव्य उद्घाटन, कहा- ‘शिक्षक ही बनाते हैं नए युग के निर्माता’

धरसींवा, मांढर। ग्राम मांढर में आज यूनिवर्सल पब्लिक स्कूल का विधिवत उद्घाटन धरसींवा विधायक पद्मश्री अनुज शर्मा के करकमलों से सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, शिक्षक एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि अनुज शर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि “बच्चे ही देश का भविष्य हैं, और उन्हें संवारने व योग्य बनाने में शिक्षकों की अहम भूमिका होती है। शिक्षकों व शैक्षणिक संस्थानों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने पर विशेष ध्यान देना चाहिए क्योंकि वे ही समाज में नए युग का निर्माण करते हैं।”

शर्मा ने आगे कहा, “मेरी इच्छा है कि धरसींवा क्षेत्र के बच्चे उच्च शिक्षा प्राप्त कर देश के प्रतिष्ठित संस्थानों में उच्च पदों पर पहुंचे और क्षेत्र का नाम पूरे प्रदेश में रोशन करें। यूनिवर्सल पब्लिक स्कूल के शुभारंभ से क्षेत्र को एक नई शैक्षणिक दिशा मिलेगी।”

इस अवसर पर सविता चंद्राकर, शकुंतला सेन, ढिलेन्द्र सेन, हेमंत वर्मा सहित स्कूल के संचालक, प्राचार्य, शिक्षकगण एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन बधाई संदेशों और शुभकामनाओं के साथ हुआ।



