भा.ज.पा. महापौर पद की प्रत्याशी मीनल चौबे ने रायपुर प्रेस क्लब में की घोषणा, कहा- रायपुर को ‘कैपिटल नगर निगम’ के रूप में पहचाना जाएगा, जनता की प्राथमिकताओं पर होगा काम

रायपुर, 06 फ़रवरी 2025 भाजपा महापौर पद की प्रत्याशी मीनल चौबे बुधवार को रायपुर प्रेस क्लब के रूबरू कार्यक्रम में शामिल हुईं और अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि रायपुर नगर निगम को “कैपिटल नगर निगम” के रूप में जाना और पहचाना जाए, यह उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में है।
चौबे ने सिलसिलेवार तरीके से अपनी योजनाओं का खुलासा करते हुए कहा कि रायपुर की जनता पहले से ही जानती है कि यहां क्या कुछ हुआ है, और चूंकि वे लंबे समय से नगर निगम के कार्यों से जुड़ी रही हैं, इसलिए शहर की समस्याओं से भी भली-भांति परिचित हैं। संपत्तिकर, सड़क चौड़ीकरण जैसे मुद्दों पर उन्होंने कहा कि पार्टी ने अपने घोषणा पत्र में सब कुछ स्पष्ट कर दिया है और उनकी योजनाओं के अनुरूप ही वे कार्य करेंगी। चूंकि राज्य और केंद्र में भाजपा की सरकार है, इसलिए फंड की कोई कमी नहीं होगी।
उन्होंने यह भी कहा कि नगर निगम के लिए भाजपा के जो घोषणापत्र में वादे किए गए हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर लागू किया जाएगा। मीनल चौबे ने कहा कि जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का पूरा प्रयास किया जाएगा।
चौबे ने कहा कि रायपुर एक बड़ा शहर है, जहां लोगों की हमेशा यह मांग रहती है कि उन्हें बुनियादी सुविधाएं, जैसे पानी, सड़कें और नालियों की सफाई मिलती रहे। राज्य सरकार इस क्षेत्र के लिए धन देती है और केंद्र सरकार भी विकास कार्यों के लिए फंड उपलब्ध कराती है। वे महापौर बनने पर इस काम को प्राथमिकता देंगी और उनका उद्देश्य होगा कि रायपुर नगर निगम “कैपिटल रायपुर” के रूप में पहचाना जाए।
उन्होंने कहा कि जनता चाहती है कि उन्हें चौड़ी सड़कें मिलें, निचली बस्तियों में पानी की समस्या हल हो, लेकिन पिछले पांच वर्षों में यह समस्याएं हल नहीं हो पाईं। वे चुनाव जीतने के बाद इन समस्याओं का त्वरित समाधान करने की दिशा में काम करेंगी।
चौबे ने यह भी बताया कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत, नगर निगम को सड़कों और नालियों की सफाई के लिए वित्तीय सहायता मिलती है, और उनकी प्राथमिकता यह होगी कि सफाई नियमित रूप से की जाए। उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि कांग्रेस शासनकाल में डोर-टू-डोर कचरा उठाने के दावों के बावजूद सड़कों पर कचरा पड़ा रहता था। वे जानती हैं कि किस काम के लिए पैसा आ रहा है और उसका उपयोग सही तरीके से किया जाएगा।
इस अवसर पर प्रेस क्लब अध्यक्ष प्रफुल्ल ठाकुर, उपाध्यक्ष संदीप शुक्ला, कोषाध्यक्ष रमन हलवाई, संयुक्त सचिव अरविंद सोनवानी, कार्यकारिणी सदस्य पराग मिश्रा, किशन लोखंडे, सुधीर तंबोली और नदीम मेमन समेत बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद थे।