छत्तीसगढ़
Trending

लगातार बारिश से गौरेला-पेंड्रा मरवाही में जनजीवन अस्त-व्यस्त : निर्माणाधीन पुलिया टूटी, कई एनीकट बहे

गौरेला-पेंड्रा मरवाही। क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। पानी के तेज बहाव से वन विभाग द्वारा निर्मित कई एनीकट बह गए हैं, वहीं निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्ग को भी भारी क्षति पहुंची है।

बिलासपुर-जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग का निर्माण कार्य अभी 50 प्रतिशत भी पूरा नहीं हो पाया है, लेकिन तेज बारिश ने इस अधूरे काम की पोल खोल दी है। कारिआम और जोगीसार के बीच निर्माणाधीन पुलिया के लिए बनाया गया बाईपास बारिश के पानी के दबाव में दो हिस्सों में बंट गया, जिससे यातायात ठप हो गया।

यातायात को बदले गए मार्ग से भेजा जा रहा है
स्थानीय प्रशासन ने वैकल्पिक व्यवस्था करते हुए वाहनों को पेंड्रा और खोडरी मार्ग से बिलासपुर, अनूपपुर, शहडोल और जबलपुर की ओर डायवर्ट किया है, ताकि आवागमन बना रहे।

मरम्मत कार्य शुरू, एसडीएम ने किया निरीक्षण
क्षेत्र की स्थिति को देखते हुए एसडीएम ऋचा चंद्राकर ने जोगीसार व कोटमी खुर्द पहुंचकर क्षतिग्रस्त मार्गों और पुलियों का निरीक्षण किया। कालेवा नाला के तेज बहाव से कोटमी खुर्द में सड़क बुरी तरह टूट गई है।

जोगीसार में टूटी पुलिया की मरम्मत का कार्य जारी है। मरम्मत के बाद बेलपत की पुलिया को भी सुधारा जाएगा। एसडीएम ने मौके पर मौजूद ठेकेदार और इंजीनियर को निर्देशित किया कि मरम्मत कार्य को प्राथमिकता के साथ शीघ्र पूरा करें।

निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के उप अभियंता भी उपस्थित रहे।

जनता परेशान, प्रशासन अलर्ट मोड में
लगातार बारिश से जनजीवन बेहाल है। ग्रामीण इलाकों से संपर्क मार्ग टूटने के कारण आवाजाही में परेशानी हो रही है। प्रशासन राहत और मरम्मत कार्यों में तेजी ला रहा है ताकि सामान्य स्थिति जल्द बहाल की जा सके।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button