छत्तीसगढ़
Trending

मनेंद्रगढ़ को बड़ी सौगात: चिरमिरी-नागपुर रोड रेलवे प्रोजेक्ट को मिली रफ्तार, श्याम बिहारी जायसवाल की पहल से शुरू हुआ भू-अर्जन, अब विकास की पटरी पर दौड़ेगा एमसीबी जिला

रायपुर, 14 मई 2025।मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले में रेल परियोजनाओं को गति देने और यात्री सुविधाओं के विस्तार के लिए स्वास्थ्य मंत्री एवं स्थानीय विधायक श्याम बिहारी जायसवाल के निरंतर प्रयास अब सफल होते दिख रहे हैं। उनके अनुरोध पर रेल मंत्रालय ने चिरमिरी-नागपुर रोड हाल्ट रेलवे प्रोजेक्ट के लिए भू-अर्जन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस संबंध में रेल अधिनियम 1989 की धारा 20(ए) के तहत अधिसूचना जारी कर राजपत्र में इसका प्रकाशन किया गया है।

गौरतलब है कि इस प्रोजेक्ट के लिए विधायक जायसवाल वर्ष 2017 से सक्रिय रूप से प्रयासरत रहे हैं। वर्ष 2018 में केंद्र सरकार और छत्तीसगढ़ शासन के बीच 50-50 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ एमओयू पर सहमति बनी थी, लेकिन तत्कालीन राज्य सरकार ने स्थानीय उपयोगिता का हवाला देते हुए परियोजना को रोक दिया था। सत्ता परिवर्तन के बाद विधायक जायसवाल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और वित्त मंत्री ओपी चौधरी से इस परियोजना को पुनः शुरू करने की मांग की। सरकार ने इसे बजट में शामिल कर राशि स्वीकृत कर दी, जिससे भू-अर्जन और अन्य प्रक्रियाएं शुरू हो सकीं।

अब रेल मंत्रालय द्वारा भू-अर्जन हेतु सर्वे सूची भी जारी कर दी गई है, जिसमें चिराईपानी, सरोला, बंजी, खैरबना, सरभोका और चित्ताझोर गांवों के खसरा नंबर व भूखंडों का विवरण शामिल है। जिन लोगों की जमीन इस अधिसूचना में शामिल है, वे 30 दिनों के भीतर अपनी आपत्ति या दावा लिखित रूप में अपर कलेक्टर या सक्षम प्राधिकारी के समक्ष प्रस्तुत कर सकते हैं।

यह परियोजना न केवल लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करेगी, बल्कि चिरमिरी को राज्य और राष्ट्रीय रेल नेटवर्क से जोड़ते हुए क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और आवागमन के नए अवसर भी खोलेगी। मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के नेतृत्व में एमसीबी जिला अब विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button