छत्तीसगढ़
Trending

छत्तीसगढ़ में NHM संविदा कर्मचारियों का बड़ा ऐलान – 16 हजार कर्मचारी सामूहिक इस्तीफे की तैयारी में, 18 दिन से जारी हड़ताल और तेज

रायपुर, 04 सितम्बर 2025/छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के 16 हजार संविदा कर्मचारियों ने सामूहिक इस्तीफा देने की चेतावनी दी है। सोशल मीडिया साइट फेसबुक पर छत्तीसगढ़ प्रदेश एनएचएम कर्मचारी संघ के नाम से की गई पोस्ट में इसका जिक्र किया गया है। वहीं, एनएचएम कर्मी अमन दास ने भी इस बात की पुष्टि की है।

सरकार का एक्शन, 25 कर्मचारी बर्खास्त

हड़ताल को लेकर अब स्वास्थ्य विभाग सख्त हो गया है। बुधवार को 25 कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया गया। इसमें संघ के प्रदेश संरक्षक हेमंत सिन्हा और महासचिव कौशलेश तिवारी के नाम भी शामिल हैं।

कर्मचारियों का आरोप – “सिस्टम दबाव बनाने की कोशिश”

बर्खास्तगी पर कर्मचारियों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि बातचीत के रास्ते शासन-प्रशासन ने बंद कर दिए हैं। ऐसे में आंदोलन ही एकमात्र विकल्प है, जो जारी रहेगा।

अनोखे प्रदर्शन – खून से पत्र और मुखौटा पहनकर डांस

अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलनरत NHM कर्मी अलग-अलग तरीकों से विरोध जता रहे हैं। कभी पीएम-सीएम और स्वास्थ्य मंत्री का मुखौटा पहनकर डांस किया गया तो कभी खून से सरकार को पत्र लिखा गया।

18 अगस्त से हड़ताल पर, सेवाएं ठप

प्रदेश के NHM कर्मचारी 18 अगस्त से हड़ताल पर हैं, जिसके चलते स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हो गई हैं। सरकार कर्मचारियों की 10 में से 5 मांगें मानने का आश्वासन दे चुकी है, लेकिन वार्ता विफल रही।

24 घंटे में काम पर लौटने का आदेश, जलाई कॉपी

सोमवार को सरकार ने हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों को 24 घंटे में काम पर लौटने का आदेश जारी किया था, अन्यथा बर्खास्तगी की चेतावनी दी गई थी। जवाब में मंगलवार को कर्मचारी स्वास्थ्य संचालनालय पहुंचे और आदेश की प्रति वहीं जलाकर विरोध जताया।

सभी जिलों से सूची मांगी गई

25 अगस्त को स्वास्थ्य विभाग ने सभी सीएमएचओ को पत्र जारी कर हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों की सूची मांगी थी। विभाग का कहना है कि नियमानुसार कार्रवाई के लिए यह जरूरी है।

👉 अब नजरें इस बात पर टिकी हैं कि सरकार और संविदा कर्मचारियों के बीच टकराव कहां जाकर थमता है, क्योंकि हड़ताल लंबी खिंचने से प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं चरमराती जा रही हैं।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button