
रायपुर, 14 जुलाई। छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ (CSCS) ने खिलाड़ियों में स्वच्छ खेल की भावना को बढ़ावा देने और डोपिंग संबंधी नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मंगलवार को रायपुर के होटल मैरियट में एंटी-डोपिंग सेमिनार का आयोजन किया। इस सेमीनार में विभिन्न आयु वर्ग के पुरुष एवं महिला क्रिकेटरों के साथ सपोर्ट स्टाफ सहित करीब 200 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
सेमीनार में नेशनल एंटी डोपिंग एजेंसी (NADA) की ओर से डॉ. नेहा सिंह मुख्य वक्ता के रूप में मौजूद रहीं। उन्होंने खिलाड़ियों को एंटी-डोपिंग नियमों, प्रतिबंधित दवाइयों और खाद्य पदार्थों की जानकारी देते हुए बताया कि अनजाने में भी डोपिंग नियमों का उल्लंघन खिलाड़ियों के करियर पर गंभीर प्रभाव डाल सकता है।
डॉ. नेहा सिंह ने खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को डोपिंग से बचने के लिए आवश्यक सावधानियों, दवाइयों के उपयोग से पहले अपनाई जाने वाली प्रक्रिया तथा NADA द्वारा उपलब्ध कराए गए आधिकारिक प्लेटफॉर्म और संसाधनों की जानकारी भी दी, जहां से प्रतिबंधित दवाओं और सप्लीमेंट्स की प्रमाणिक जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों का उद्देश्य खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार करना और उन्हें स्वच्छ एवं निष्पक्ष खेल के प्रति प्रेरित करना है।



