
रायपुर, 17 अगस्त 2026। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में एक महिला का सामान लेकर Rapido चालक के फरार होने का मामला सामने आया है। महिला ने 16 अगस्त की शाम सिंचाई कॉलोनी, सिविल लाइन से Rapido एप के जरिए स्कूटी बुक की थी। भीम नगर पहुंचने के बाद चालक महिला का बैग लेकर बिना किराया लिए स्कूटी समेत फरार हो गया।
पुलिस के मुताबिक महिला श्रीजन विला, भीम नगर निवासी है और निजी नौकरी करती है। शाम करीब 4:15 बजे उसने Rapido एप से वाहन बुक किया। कुछ देर बाद नीले रंग की Ola कंपनी की स्कूटी पहुंची। चालक ने नीले रंग का रेनकोट पहन रखा था।
महिला शास्त्री चौक से आमापारा चौक तक चालक के साथ गई। रास्ते में उसने फल खरीदे और उन्हें अपने बैग में रख लिया। सामान भारी होने के कारण उसने बैग स्कूटी चालक के पैरों के पास रख दिया। महिला का कहना है कि उसने चालक के सामने ही बैग में अपने दो मोबाइल फोन भी रखे थे।
इसके बाद दोनों वंदना ऑटो होते हुए भीम नगर पहुंचे। महिला जैसे ही स्कूटी से उतरी और सामान उठाने लगी, चालक ने अचानक स्कूटी स्टार्ट की और बिना किराया लिए बैग लेकर तेजी से फरार हो गया। महिला ने आवाज लगाकर चालक को रोकने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं रुका।
महिला की शिकायत पर पुरानी बस्ती पुलिस ने अज्ञात Rapido चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस अब वाहन और चालक की पहचान के लिए उपलब्ध जानकारी के आधार पर जांच कर रही है।



