छत्तीसगढ़
Trending

इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में सूटकेस से मिली युवक की लाश : ‘हब्बू भाई’ नाम से खुला बड़ा सुराग, पुलिस ने शुरू की सघन जांच

रायपुर। राजधानी के इंद्रप्रस्थ कॉलोनी फेस-2 में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक स्टील की बड़ी पेटी के अंदर सूटकेस में युवक की लाश मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। डीडी नगर थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम इस सनसनीखेज हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुट गई है। शुरुआती जांच में पुलिस को कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दौलतराम पोर्ते ने जानकारी देते हुए बताया कि शव को लाल रंग के सूटकेस में भरकर, उस पर सीमेंट डाला गया और फिर एक स्टील की पेटी में बंद कर सुनसान जगह पर फेंका गया। सीसीटीवी फुटेज में एक कार क्रमांक CG 04 B 7700 इंद्रप्रस्थ कॉलोनी से पेटी ले जाते हुए नजर आई है। पुलिस ने गाड़ी की पहचान कर जांच तेज कर दी है।

पोर्ते के अनुसार, मृतक की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष के बीच है और शव दो से तीन दिन पुराना है। गर्दन पर गहरे कट के निशान पाए गए हैं, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि युवक की गला रेत कर हत्या की गई है। फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

इस बीच, स्टील की पेटी पर ‘हब्बू भाई’ लिखा पाया गया है, जिसे पुलिस एक महत्वपूर्ण सुराग मान रही है। गोलबाजार स्थित पेटी लाइन सहित पूरे शहर के पेटी दुकानों की जांच की जा रही है। साथ ही, लापता लोगों की रिपोर्ट और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। डिजिटल सर्विलांस के जरिए मृतक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

पुलिस को आशंका है कि यह मामला पूर्व नियोजित हत्या का है और जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे। फिलहाल इलाके में दहशत का माहौल है और रहवासियों से भी पूछताछ की जा रही है।

नोट: यदि आपने हाल के दिनों में किसी व्यक्ति के लापता होने की जानकारी दी है या कोई संदिग्ध गतिविधि देखी है, तो कृपया नजदीकी थाना या डीडी नगर पुलिस से संपर्क करें।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button