छत्तीसगढ़
Trending

धमतरी पुलिस रिमांड में युवक दुर्गेश कठोलिया की मौत: परिजनों ने लगाए पुलिस द्वारा पिटाई के आरोप, आरोपी पर 7 करोड़ की ठगी का था मामला

धमतरी, 01 अप्रैल 2025 छत्तीसगढ़ के धमतरी में पुलिस की रिमांड में युवक दुर्गेश कठोलिया की मौत हो गई। पुलिस ने उसे करोड़ों की ठगी के मामले में गिरफ्तार किया था। घटना के बाद परिजनों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की और आरोप लगाया कि पुलिस ने युवक की पिटाई की, जिससे उसकी मौत हुई है।

जानकारी के अनुसार, दुर्गेश कठोलिया, जो राजनांदगांव के भंवरमरा का निवासी था, के खिलाफ अर्जुनी थाना में धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया था। किसानों ने आरोप लगाया था कि दुर्गेश ने उनसे ऊंचे दामों पर धान खरीदने का झांसा दिया और पैसे नहीं लौटाए। बाद में, जब किसानों ने अपनी रकम मांगी, तो युवक मोबाइल बंद कर फरार हो गया था। इसके बाद किसानों ने दुर्गेश के खिलाफ 7 करोड़ रुपए की ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी।

धमतरी एसपी अंजनेय वार्ष्णेय ने बताया कि आरोपी को 31 मार्च को गिरफ्तार किया गया था और 4 अप्रैल तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी की तबियत बिगड़ी, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

घटना के बाद, मृतक के परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए और कहा कि गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने आरोपी की बुरी तरह पिटाई की। एसपी ने कहा कि गिरफ्तार किए गए आरोपी की सारी कार्रवाई का वीडियो रिकॉर्ड किया गया है, जिसे साक्ष्य के रूप में पेश किया जाएगा।

दुर्गेश कठोलिया आदर्श कृषि बीज नाम से एक समिति चलाता था और किसानों से धान खरीदता था, लेकिन वह उन्हें बिना पैसे दिए फरार हो जाता था। आरोपी पर 7 करोड़ रुपए के गबन का आरोप था।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button