छत्तीसगढ़
Trending

छत्तीसगढ़ में गांवों की तरक्की का ब्लूप्रिंट तैयार : शिवराज-साय की बड़ी बैठक में ‘अटल डिजिटल केंद्र’ को बताया गेमचेंजर, अमृत सरोवर से रोजगार और जलसंरक्षण को मिलेगी रफ्तार

रायपुर, 13 मई 2025। केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में मंत्रालय (महानदी भवन) में आज हुई उच्चस्तरीय बैठक में छत्तीसगढ़ के कृषि और ग्रामीण विकास से जुड़े कार्यक्रमों की व्यापक समीक्षा की गई। इस अवसर पर दोनों नेताओं ने केंद्र और राज्य सरकार की साझा पहलों को ग्रामीण समृद्धि और आत्मनिर्भरता की दिशा में निर्णायक करार दिया।

केंद्रीय मंत्री चौहान ने छत्तीसगढ़ सरकार की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि राज्य ने ग्रामीण विकास और कृषि के क्षेत्र में अनुकरणीय कार्य किए हैं। उन्होंने ‘अटल डिजिटल सुविधा केंद्रों’ को ग्रामीण अर्थव्यवस्था में डिजिटल सशक्तिकरण की दिशा में क्रांतिकारी कदम बताया और सुझाव दिया कि इस नवाचार को अन्य राज्यों में भी अपनाया जाना चाहिए।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार गांवों की समग्र समृद्धि को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। उन्होंने कहा, “हमारा उद्देश्य केवल योजनाओं का क्रियान्वयन नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को आत्मनिर्भर बनाना, युवाओं को कौशल आधारित रोजगार देना और बुनियादी ढांचे को मजबूत करना है।”

बैठक में ‘अमृत सरोवर’ योजना की समीक्षा करते हुए केंद्रीय मंत्री ने इसे स्थानीय आजीविका से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे जलसंरक्षण के साथ-साथ रोजगार सृजन के ठोस परिणाम सामने आएंगे। मनरेगा के तहत श्रमिक बजट के पुनरीक्षण का भी उन्होंने आश्वासन दिया।

कृषि क्षेत्र पर चर्चा करते हुए चौहान ने पारंपरिक खेती के साथ-साथ पशुपालन, मत्स्य पालन, बागवानी जैसी सहायक गतिविधियों को बढ़ावा देने की बात कही। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार शीघ्र ही एक विशेष पहल के तहत वैज्ञानिकों की टीमों को जिलों में भेजेगी, जो किसानों को व्यावहारिक और वैज्ञानिक तकनीकों का प्रशिक्षण देंगी।

बैठक के समापन पर चौहान ने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य की सहभागिता से छत्तीसगढ़ कृषि और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करेगा। मुख्यमंत्री साय ने आश्वासन दिया कि छत्तीसगढ़ सरकार इस साझा संकल्प को जमीनी हकीकत में बदलने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करेगी।

बैठक में ये रहे प्रमुख उपस्थित:
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, पंचायत विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक, सचिव पी. दयानंद, भारत सरकार के अधिकारी आर. आनंद, अमित शुक्ला, नवीन कुमार विद्यार्थी, शहला निगार, डॉ. कमलप्रीत सिंह सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button