छत्तीसगढ़ में हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेकुलर) की दस्तक, इकराम सैफी बने प्रदेश अध्यक्ष

रायपुर, 03 फ़रवरी 2025 हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेकुलर) (हम) ने छत्तीसगढ़ में अपनी राजनीतिक उपस्थिति दर्ज कराते हुए संगठन विस्तार की दिशा में कदम बढ़ाया है। 2 फरवरी 2025 को रायपुर के मंगलम भवन, अग्रसेन चौक में आयोजित सम्मेलन में इकराम सैफी को छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष और अधिवक्ता रमन मिश्रा को युवा प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया।

इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में युवा प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहम्मद कमाल प्रवेज, दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष अविनाश श्रीवास्तव और छत्तीसगढ़ प्रभारी अर्णव पासवान मौजूद रहे। इनके साथ प्रदेश श्रमिक प्रकोष्ठ के उपाध्यक्ष विक्की मीणा, राजेश मुखर्जी, हरीश सहदेव, मोहम्मद मुजाहिद जाफरी, मोनिका लॉरेंस, पवन देव केसरी, अनिल साहू, रामनारायण साहू, दुर्गा सारथी समेत अन्य कार्यकर्ता भी शामिल हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती पूजा और छत्तीसगढ़ महतारी वंदन के साथ हुई। सम्मेलन को संबोधित करते हुए राकेश मुखर्जी ने कहा कि छत्तीसगढ़ में हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेकुलर) के प्रवेश के साथ ही पार्टी के संरक्षक जितेन राम मांझी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया जाएगा।
मुख्य अतिथि मोहम्मद कमाल प्रवेज ने रमन मिश्रा को युवा प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त करते हुए उन्हें संगठन विस्तार की जिम्मेदारी सौंपी। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ एक औद्योगिक क्षेत्र है, जहां मजदूर, गरीब और शोषित वर्ग के लोगों की संख्या अधिक है। संगठन इनकी आवाज बुलंद करेगा और उनके हक के लिए हमेशा खड़ा रहेगा।
बैठक में यह भी घोषणा की गई कि जल्द ही हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेकुलर) के संरक्षक जितेन राम मांझी छत्तीसगढ़ दौरे पर आएंगे। गौरतलब है कि जितेन राम मांझी केंद्र सरकार में MSME मंत्री हैं, जबकि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष कुमार सुमन बिहार सरकार में कैबिनेट मंत्री हैं।
छत्तीसगढ़ में संगठन विस्तार की तैयारी
रायपुर में आयोजित बैठक में हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेकुलर) के विस्तार और संगठन की मजबूती को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। राष्ट्रीय नेताओं ने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि वे गरीब, शोषित और मजदूर वर्ग के अधिकारों के लिए संघर्ष करें और पार्टी को पूरे प्रदेश में मजबूत करें।



